जेवरात चमकाने की बात कहकर दो ठग सेक्टर-15 स्थित हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एक महिला को करीब पांच तोले सोने के जेवरों का चूना लगा गए। हालांकि उनके चेहरे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। पीड़ित ने कोर्ट कॉम्प्लेक्स पुलिस चौकी को इसकी शिकायत दी है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत में सेक्टर-15 निवासी राजकुमार ने बताया कि वह सुबह अपने काम पर चला गया था और घर पर उसकी पत्नी और बच्चे ही थे। उसने बताया कि करीब 11:15 बजे दो लोगों ने डोर बेल बजाई। इस पर बच्चों ने दरवाजा खोल दिया। उसकी पत्नी दरवाजे पर पहुंच गई। उन लोगों ने कहा कि वे बर्तन और जेवरात चमकाते हैं। राजकुमार ने कहा कि काफी देर तक बात करने के बाद उसकी पत्नी उन लोगों के झांसे में आ गई और उन्हें बर्तन चमकाने के लिए दे दिए। इसके बाद उन्हें चांदी के आभूषण दिए और उसके बाद उन्होंने सोने के जेवरात चमकाने के लिए मांगे। शिकायतकर्ता ने कहा कि उसकी पत्नी उनके झांसे में आ गई और उन्हें दो सोने की अंगूठी, दो सोने के कड़े और कानों की बालियां उतार कर दे दीं, जिन्हें लेकर वे रसोई में पहुंच गए और एक पतीला मांगा और उसमें पानी व हल्दी भी डाल दी और गैस पर चढ़ा दिया।
ऐसे दिया वारदात को अंजाम
शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसी बीच ठगों ने चालाकी से सोने के जेवरात अपने बैग में डाल लिए, जबकि उसकी पत्नी को कहा कि जेवरात इसमें डाल दिए हैं, कुछ देर बाद गैस से उतार लेना। यह बोलकर आरोपी ठग घर से चले गए। जब उसकी पत्नी ने बर्तन को देखा तो उसमें जेवरात नहीं थे। पुलिस सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही है।