हिसार। शहर को जाम से राहत दिलाने की दिशा में प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए रोडवेज अधिकारियों ने मुख्यालय को पुनः पत्र भेजा है। इससे पहले भी इस संबंध में पत्राचार किया गया था, लेकिन मुख्यालय की ओर से अब तक कोई जवाब प्राप्त नहीं हुआ।
शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के उद्देश्य से कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने बस अड्डा परिसर में मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का निर्णय लिया था। कमेटी की ओर से रोडवेज विभाग को पत्र भेजा गया, जिसके जवाब में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परियोजना को अमल में लाने से पहले मुख्यालय की अनुमति आवश्यक है।
5 से 6 मंजिला प्रस्तावित पार्किंग : प्रस्तावित मल्टी स्टोरी पार्किंग पांच से छह मंजिला होगी। इसमें तीन से चार मंजिलें जमीन के ऊपर तथा एक से दो मंजिलें बेसमेंट में निर्मित की जाएंगी। पार्किंग में एक हजार से अधिक दोपहिया और चारपहिया वाहनों की व्यवस्था की जा सकेगी। इसके अतिरिक्त नगर निगम द्वारा सिटी थाना के सामने तथा धोबी घाट क्षेत्र में भी मल्टी स्टोरी पार्किंग निर्माण का प्रस्ताव रखा गया है।
बस अड्डे के आसपास पार्किंग सुविधा के अभाव में वाहन सड़कों के किनारे खड़े कर दिए जाते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। प्रस्तावित पार्किंग के निर्माण से न केवल यातायात व्यवस्था सुचारू होगी, बल्कि आम नागरिकों को भी बड़ी राहत मिलेगी। यह पार्किंग बस अड्डे के दिल्ली रोड स्थित गेट के समीप खाली पड़ी भूमि पर प्रस्तावित है। परियोजना को मंजूरी मिलने के बाद शहर को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।