हिसार। कालवास रूट पर पर्यप्त बसें नहीं होने से वीरवार को विद्यार्थियों ने दो रोडवेज बसों को रोककर प्रदर्शन किया। इसके बाद विद्यार्थी व ग्रामीण रोडवेज अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे।
इस पर रोडवेज महाप्रबंधक डॉ. मंगल सैन ने विद्यार्थियों को इस रूट पर बस चलाने का आश्वासन दिया था। कालवास रूट पर रविवार से विद्यार्थियों के लिए रोडवेज बस की सुविधा शुरू हो जाएगी।
जनहित युवा सोशल वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष दिलबाग बिश्नोई ने बताया कि उनकी शुक्रवार को टीआई ब्रांच में एक रोडवेज अधिकारी से बातचीत हुई थी। उन्होंने कहा था कि बस चलाने को लेकर हिसार से रोटेशन बन चुका है। सिरसा जाने वाली एक बस को कालवास रूट पर चलाया जाएगा ताकि विद्यार्थियों को परेशानी न हो। जो बस चलाई जाएगी उसकी छह फेरे लगाए जाएंगे। इनमें से चार फेरों में छात्राओं और महिला यात्रियाें को ले जाया जाएगा। हिसार से सुबह 6:30 बजे और दोपहर 2:40 बजे छात्राओं के लिए स्पेशल बस चलेगी।
जबकि हिसार से छात्रों के लिए दोपहर 12 बजे बस रवाना होगी। ऐसे में सोमवार से इस रूट पर बस की समस्या खत्म हो जाएगी।