नागरिक अस्पताल में सड़कों का निर्माण कार्य शुरू
हिसार। जिला नागरिक अस्पताल परिसर की सड़कों को दुरुस्त करने का काम शुरू हो गया है। इससे मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को बड़ी राहत मिल सकेगी। लंबे समय से इन सड़कों की हालत खराब थी। ऐसे में मरीजों, तीमारदारों और अस्पताल स्टाफ को आवाजाही में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। बरसात के दिनों में सड़कों के कीचड़ और पानी से भरने से स्थिति और गंभीर हो जाती थी।
पीडब्ल्यूडी (लोकनिर्माण विभाग) ने सड़कों के सुधारीकरण का काम शुरू कर दिया है। सड़क के निर्माण के लिए आवश्यक मशीनरी और तारकोल अस्पताल परिसर में पहुंच चुका है7 अधिकारियों की मानें, तो अगले दो से तीन दिनों के भीतर सड़कों को दुरुस्त कर दिया जाएगा। इससे न केवल अस्पताल आने-जाने वालों को सुविधा मिलेगी बल्कि एंबुलेंस की आवाजाही भी सुचारु हो सकेगी जो आपातकालीन सेवाओं के लिए बेहद जरूरी है।