दिल्ली एयरपोर्ट पर अपनी मां को छोड़कर हिसार की ओर आते समय ढंढूर पुल के पास पहुंचने पर कार सवार युवक की कार लावारिस पशु से टकरा गई। इस हादसे में कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंचे राहगीरों ने घायल को शहर के निजी अस्पताल में पहुंचाया, जहां पर उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
मृतक 27 वर्षीय मावजोत सिंह बठिंडा के वार्ड नंबर 10 का रहने वाला था और अपने घर की ओर जा रहा था। इसकी सूचना सदर थाना पुलिस को दी गई। इसके बाद पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंची। वहां से मंगलवार दोपहर को शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के परिजनों ने बताया कि मावजोत सिंह खेतीबाड़ी करता था। उसकी बहन रुबल और बहनोई रामन यूएसए में रहते हैं और दोनों ही चिकित्सक हैं। वह कार से अपनी मां स्वर्णजीत कौर को अपनी बहन के पास भेजने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पर छोड़ने गया था। वहां से 18 मार्च को वह वापस अपने घर की ओर से जा रहा था। ढंढूर के पास पहुंचने पर उसकी कार लावारिस पशु से टकरा गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं और उपचार के चलते निजी अस्पताल में मौत हो गई।