घर में सफाई करते समय संदूक से प्रदीप उर्फ काला बडाला के कपड़ों में लिपटी मिली रिवाल्वर
बास। गांव बडाला में प्रदीप उर्फ काला बडाला के चचेरे भाई के घर से कमरे की सफाई करते समय संदूक से कपड़े में लिपटी हुई रिवाल्वर मिली है। मकान मालिक ने खुद ही रिवाल्वर को पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने रिवाल्वर को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
गांव बडाला निवासी सुनील ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह प्राइवेट बस पर ड्राइवर की नौकरी करता है। प्रदीप उर्फ काला बडाला उसके चाचा का लड़का था। जिसकी 17 जनवरी को हत्या हो गई थी।
प्रदीप उर्फ काला आपराधिक प्रवृत्ति का था और उसके खिलाफ कई मुकदमे दर्ज थे। काला कई बार उसके मकान पर आता जाता रहता था। उसने अपना कुछ सामान मकान के ऊपर बने कमरे में एक संदूक में रखा हुआ था। 18 अक्तूबर को वह कमरे की सफाई करने के लिए ऊपर गया व प्रदीप द्वारा रखे हुए लोहे के संदूकों को चैक करने लगा तो उसमें प्रदीप के कुछ कपड़े थे। वह उनको बाहर निकालने लगा तो कपडों में लिपटा हुआ एक रिवाल्वर मिला। संदूक में मिला रिवाल्वर प्रदीप उर्फ काला द्वारा रखा गया था। इसके बाद उन्होंने रिवाल्वर को बस थाने में जमा करवा दिया है।