हांसी बैठक में निर्देश देते हुए एसपी विनोद कुमार। पुलिस
हांसी। जिला पुलिस कार्यालय में मंगलवार को कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था एवं जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन ट्रैकडाउन की समीक्षा की गई। इस दौरान जिले के सभी थाना प्रबंधकों, चौकी प्रभारियों, जांच इकाई, पुलिस लाइन, पीसीआर, कंट्रोल रूम एवं अन्य शाखाओं के प्रभारी अधिकारियों को कानून व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध एवं अपराध नियंत्रण के लिए निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनोद कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा हांसी पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए आमजन एवं कांवड़ यात्रियों से समन्वय बनाकर कार्य करें।
पुलिस अधीक्षक ने यातायात व्यवस्था को लेकर भी कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रमुख मार्गों पर यातायात का सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने सभी कांवड़ यात्री किसी भी प्रकार के धारदार हथियार, नशीले पदार्थ अथवा अन्य प्रतिबंधित सामग्री साथ लेकर यात्रा न करें।
समीक्षा के दौरान ऑपरेशन ट्रैकडाउन की प्रगति पर भी विस्तार से चर्चा की गई। पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि उद्घोषित अपराधियों, बेल जंपरों, फरार आरोपियों एवं अन्य वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।
अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाए व जिले में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान पूरी गंभीरता एवं निरंतरता के साथ जारी रखा जाए।