हिसार। ज्वाइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड कर्मचारी हरियाणा की बैठक हिसार बस स्टैंड स्थित रोडवेज कर्मचारी यूनियन कार्यालय में रिटायर्ड कर्मचारी संगठन के राज्य प्रधान बाबू लाल यादव की अध्यक्षता में हुई। क्रमिक अनशन को सुचारू रूप से चलाने के लिए जिला स्तर पर ज्वाइंट एक्शन कमेटी बनाई गई है। बैठक में मंच संचालन राजबीर सिंधु व कामरेड रूप सिंह ने किया। बैठक में कमेटी के संयोजक कुलभूषण शर्मा भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 12 फरवरी से 4 मार्च 2024 तक डीसी कार्यालय रोहतक के सामने किए जाने वाले क्रमिक अनशन की तैयारियों पर विचार विमर्श किया गया।
कमेटी के संयोजक कुलभूषण शर्मा व अध्यक्ष मंडल के सदस्यों ने कहा कि जब तक हरियाणा सरकार पेंशनरों की मांगों को पूरा नहीं करती तब तक कमेटी का संघर्ष जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 12 फरवरी से शुरू होने वाले क्रमिक अनशन के दौरान रिटायर्ड कर्मचारी प्रदर्शन करेंगे।
ज्वाइंट एक्शन कमेटी रिटायर्ड कर्मचारी हरियाणा के जिला कन्वीनर राजपाल नैन, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक उदयवीर दूहन, पुलिस संगठन के राज्य प्रधान महेंद्र स्याहड़वा, पेंशनर समाज के राष्ट्रीय महासचिव भरत सिंह पूनिया ने कहा कि मांगें पूरी नहीं की गई तो रिटायर्ड कर्मचारी व उनके परिजन आगामी लोकसभा व विधानसभा चुनाव में वोट की चोट से भाजपा सरकार को सबक सिखाने का काम करेंगे। बैठक को अध्यक्ष मंडल के बाबू लाल यादव, कुलदीप गोयत, अखिल भारतीय कर्मचारी परिसंघ के चेयरमैन एमएल सहगल, निहाल सिंह मताना, नरेश गोयल, राजबीर सिंधु, राजपाल नैन, महेंद्र स्याहड़वा, भरत सिंह पूनिया, सेवानिवृत्त महाप्रबंधक उदयवीर दूहन आदि उपस्थित रहे।