हिसार। जायदाद हड़पने की नीयत से मृत व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर कर किरायानामा तैयार करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से फर्जी किरायानामा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। मोबाइल फोन में फर्जी दस्तावेजों से संबंधित स्क्रीनशॉट मिले हैं। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
सिविल लाइन थाने की जांच अधिकारी अंजू ने बताया कि विभू की शिकायत पर 11 सितंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई थी। शिकायत में बताया गया कि उसके पिता का 15 जनवरी को निधन हो चुका है और जिस मकान में वह परिवार सहित रह रहा है, वह उनकी दादालाई जायदाद है। आरोप है कि महिला आरोपी सुमन और उसके भाई सुखराम उर्फ दिपू ने जायदाद हड़पने की नीयत से 8 जून को फर्जी किरायानामा तैयार किया। इसमें शिकायतकर्ता के मृत पिता को मकान मालिक और सुखराम को किरायेदार दर्शाते हुए उनके फर्जी हस्ताक्षर किए गए। इसके आधार पर सुखराम ने 9 जून को मकान की पहली मंजिल पर बिजली मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया।
जांच में सामने आए महत्वपूर्ण साक्ष्य
जांच के दौरान दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम से रिकॉर्ड प्राप्त किया गया, जिससे फर्जी किरायानामे के आधार पर बिजली मीटर के लिए आवेदन किए जाने की पुष्टि हुई। पुलिस ने 4 अक्तूबर को सुखराम को उसके घर से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर असल फर्जी किरायानामा बरामद किया गया। अदालत से एक दिन का पुलिस रिमांड लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में सामने आए तथ्यों के आधार पर सीएससी सेंटर संचालक रोहताश को भी तफ्तीश में शामिल किया गया। इसके बाद दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया।