हिसार। नागरिक अस्पताल में डिजिटल भुगतान से खुले पैसों की परेशानी दूर हो रही है, लेकिन ई-उपचार के तहत पंजीकरण कराने के बाद भी मरीजों को ओपीडी स्लिप लेने के लिए काउंटर पर कतार में लगना होगा। फिलहाल केवल 2 से 3 प्रतिशत मरीज ही ई-उपचार से पंजीकरण करा रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल में ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था शुरू होने के बाद मंगलवार को ओपीडी खुली। अब मरीज ओपीडी और इमरजेंसी स्लिप की पांच रुपये फीस यूपीआई से जमा कर सकते हैं। इसके लिए दोनों खिड़कियों पर क्यूआर कोड लगाए गए हैं। मरीज को कोड स्कैन करके भुगतान करना होगा।
पहले ओपीडी स्लिप के लिए नकद भुगतान करना पड़ता था। खुले पैसे नहीं होने पर मरीजों को परेशानी होती थी। अब इस व्यवस्था से राहत मिली है। करीब 15 से 20 प्रतिशत मरीज ओपीडी फीस के भुगतान में क्यूआर कोड का इस्तेमाल कर रहे हैं।
जिला नागरिक अस्पताल के एसएमओ डॉ. प्रभुदयाल ने बताया कि सुविधा नई होने के कारण लोगों को इसे अपनाने में थोड़ा समय लगेगा। आने वाले समय में अधिक मरीज इसका उपयोग करेंगे। मरीज घर बैठे ओपीडी के लिए पंजीकरण भी कर सकेंगे।