हांसी। 28 दिनों के बाद लघु सचिवालय में रजिस्ट्री से संबंधित कार्य शुरू हुआ। तहसीलदार को रजिस्ट्री करने की पावर देने के बाद यहां रजिस्ट्री के लिए 90 टोकन कटे। पहले दिन मात्र एक ही रजिस्ट्री हुई। लिपिकों की हड़ताल के चलते तहसील में रजिस्ट्री का कार्य बीते महीने से बंद है। पटवारी विशाल यादव को रजिस्ट्री क्लर्क की जिम्मेदारी दी गई है।
रजिस्ट्री से संबंधित कार्य फिर से पटरी पर लौटने लगे हैं। सरकार द्वारा बीते दिनों आदेश जारी किए गए थे कि अब तहसीलदार भी रजिस्ट्री कर सकेंगे। जिसके बाद लिपिकों की भूमिका को खत्म करते हुए सॉफ्टवेयर में लिपिकों के लॉग इन को हटा दिया था। अब रजिस्ट्री संबंधित आवेदन सीधे तहसीलदार के पास जाएगा और वहीं से रजिस्ट्री हो सकेगी। वहीं तीन दिन की छुट्टी के बाद मंगलवार को तहसील कार्यालय खुला तो काफी संख्या में लोग वहां पहुंचे। रजिस्ट्री के लिए वहां पर करीब 90 टोकन कटे।
इस दौरान तहसीलदार नवनीत कौर द्वारा वहां खुद उपस्थित रहीं और रजिस्ट्री के लिए आए दस्तावेजों की जांच भी की। बता दें कि पांच जुलाई से लिपिक वेतन व अन्य मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। तहसील कार्यालय में तीन लिपिक हैं। जिसमें से एक रजिस्ट्री क्लर्क है व दो रीडर हैं। यह तीनों हड़ताल पर हैं। हड़ताल से पहले यहां पर प्रतिदिन 50-60 रजिस्ट्रियां होती थीं।
यहां अब भी काम ठप
नगर परिषद में प्रॉपर्टी टैक्स से संबंधित कार्य व ई दिशा में ड्राइविंग लाइसेंस व आरसी से संबंधित अभी भी ठप हैं। नगर परिषद में एनडीसी, प्रॉपर्टी तबदीलीकरण जैसे कार्य अटके हुए हैं। क्लर्कों की हड़ताल के चलते यहां अन्य कोई व्यवस्था नहीं की गई है। इसके चलते लोग परेशान हो रहे हैं।
रजिस्ट्री का कार्य शुरू हो चुका है। पहले दिन एक रजिस्ट्री हुई है। आमजन आकर रजिस्ट्री करवा सकते हैं- नवजीत कौर बराड़, तहसीलदार