हिसार, हांसी। नूंह ब्रजमंडल की यात्रा पर गए जिले के सभी 120 श्रद्धालु मंगलवार तड़के करीब 3 बजे रोडवेज की स्पेशल बसों से सकुशल लौट आए। इसके बाद विभिन्न संगठनों ने हिसार व हांसी में बैठक की। इसमें फैसला लिया गया कि नूंह को जलाने वालों की गिरफ्तार के लिए बुधवार को डीसी को ज्ञापन सौंपा जाएगा। वहीं एडीजीपी श्रीकांत जाधव के आदेश पर धार्मिक स्थलों पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
छह घंटे गोलीबारी में फंसे रहे, सीएम फेलियर, नहीं दी गई सुरक्षा
यात्रा से लौटे विश्व हिंदू परिषद के जिला मंत्री रविंद्र गोयल ने कहा कि हमारी एक बस को जला दिया गया। छह घंटे तक हम गोलीबारी में फंसे रहे। हमारे पास भी लाइसेंसी हथियार थे। इसके बल पर हमने उनका मुकाबला किया। आरोप है कि सीएम हाउस में फोन करने के छह घंटे बाद भी हमें सुरक्षा प्रदान नहीं की गई। इस पूरी घटना में सीएम फेलियर हैं। ऐसे संवेदनशील स्थानों पर भारी सुरक्षा बल होना चाहिए था। केवल पांच पुलिसकर्मी एक चौक पर लगाए गए थे। गोलियां चलने पर वह भी हमें छोड़कर चले गए। हमारी बस को उपद्रवियों ने फूंक दिया। वहीं, मंगलवार को लाहौरिया चौक, जिंदल चौक स्थित मस्जिद के बाहर पुलिस बल तैनात किया गया।
नूंह घटना के विरोध में सामाजिक, धार्मिक व व्यापारिक संगठन एकजुट
हांसी। बृजमंडल यात्रा को लेकर नूंह जिले की घटना के विरोध में आर्य समाज मंदिर में सर्वसमाज के जनप्रतिनिधियों की बैठक हुई। अध्यक्षता महंत सागरनाथ ने की। सब्ज़ी मंडी व्यापारी एसोसिएशन के प्रधान व हिंदू महासभा के अध्यक्ष अनिल चावला ने बताया कि बैठक में फैसला लिया कि बुधवार को सुबह दस बजे शहीद स्मारक पर सभी समाज के लोग एकत्रित होंगे। एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
बैठक में जाट धर्मशाला के प्रधान रणधीर दलाल, यादव धर्मशाला के प्रधान दिलबाग यादव, आंबेडकर सभा से प्रवीन वाल्मीकि, पंचायती रामलीला से सुरेश बंसल, सुभाष ड्रामेटिक क्लब सुभाष, माता मंदिर, मुलतान कॉलोनी से जसवंत वासुदेवा, खत्री एकता समिति से विनोद जुनेजा, आर्ट ऑफ लिविंग से डॉ. वीएम लीखा, काली देवी मंदिर से हनुमान सिंगला, आर्य समाज से परविंद्र लौहान, भारत विकास परिषद से कश्मीरी लाल, तेरापंथ से प्रीतम सैनी, जैन अतीश्य क्षेत्र से विजय जैन, श्याम मंदिर जगदीश मित्तल, अनाज मंडी रामअवतार तायल, बाबा बंदा बहादुर गुरुद्वारा, प्रताप बाजार के प्रधान राहुल खुराना, कपड़ा एसोसिएशन के प्रधान देवेंद्र मेहता, किराना एसोसिएशन से जमना पंसारी आदि मौजूद रहे।
अफवाह फैलाने और सौहार्द बिगाड़ने वालों पर होगी कार्रवाई
एडीजीपी श्रीकांत जाधव ने मंडल के पुलिस अधीक्षकों को दिशा निर्देश दिए कि सोशल मीडिया पर अफवाहें फैलाने व सामाजिक सौहार्द खराब करने वाले असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई करें। मस्जिदों और मंदिरों के आसपास लगातार गश्त पेट्रोलिंग कर सुरक्षा उपलब्ध कराएं। सांप्रदायिक संवेदनशील क्षेत्र व लोगों की पहचान करें। साइबर सेल व संबंधित गुप्तचर इकाई समन्वय से काम करे। धरना, रोष प्रदर्शन करने पर उचित पुलिस बल की तैनाती हो। तनाव होने की संभावना वाले एरिया में सिविल प्रशासन से समन्वय स्थापित करके ड्यूटी मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाए।