हिसार। श्री रामलीला कमेटी कटला के चुनाव करवाने के लिए अभी तक कोई फैसला सिरे नहीं चढ़ पाया है। रजिस्ट्रार नहीं आने के कारण चुनाव प्रक्रिया रुक गई है।
बुधवार को रजिस्ट्रार आने की उम्मीद है। यदि रजिस्ट्रार आते हैं तो आज रिटर्निंग ऑफिसर एनके गोयल उनके साथ बैठक करेंगे और आजीवन सदस्यों की लिस्ट मांगी जाएगी। उधर, रिटर्निंग ऑफिसर एनके गोयल का कहना है कि वह मंगलवार को उनके कार्यालय में गए थे, मगर वहां जाकर पता चला कि अभी तक रजिस्ट्रार नहीं आए हैं।
श्री रामलीला कमेटी कटला के 1125 आजीवन सदस्य हैं। कुछ दिन पहले जब रिटर्निंग ऑफिसर एनके गोयल के पास लिस्ट पहुंची तो वह 538 सदस्यों की थी यानि 587 सदस्य लिस्ट से गायब थे। एक हजार से कम सदस्य होने की स्थिति में काॅलेजियम रद्द होने की संभावना बढ़ गई है। ऐसे में रिटर्निंग ऑफिसर एनके गोयल की ओर से रजिस्ट्रार से लिस्ट मांगी गई है। मगर अभी तक न तो रजिस्ट्रार पहुंचे है और न ही रिटर्निंग ऑफिसर के पास पूरे सदस्यों की लिस्ट पहुंची है।
शहर की सबसे पुरानी है श्री रामलीला कमेटी कटला
शहर की श्री रामलीला कमेटी कटला 127 साल पुरानी है। कमेटी की ओर से रामलीला से लेकर बड़े स्तर पर कई धार्मिक कार्यक्रम किए जाते हैं। इसकी स्थापना वर्ष 1897 में हुई थी। 2013 में संस्था पंजीकृत हुई थी। वहीं, श्री रामलीला कमेटी कटला के 51 कालेजियम हेड है।
रजिस्ट्रार के पास अलग-अलग छह कार्यभार हैं। ऐसे में वह व्यस्त रहते हैं। मंगलवार को कार्यालय में गया था, मगर अभी तक वे आए नहीं हैं। उनके आने के बाद ही चुनाव को लेकर बातचीत हो पाएगी। - एनके गोयल, रिर्टनिंग ऑफिसर एंड सेवानिवृत्त संयुक्त निदेशक इंडस्ट्रीज एंड काॅमर्स डिपार्टमेंट हरियाणा।
चुनाव करवाने के संबंध में 29 अक्तूबर 2024 को रजिस्ट्रार को प्रशासक नियुक्त करने के लिए पत्र दिया था। प्रशासन नियुक्त न करके एनके गोयल को रिटर्निंग ऑफिसर बना दिया। अब बीते शुक्रवार को भी प्रशासक नियुक्त करने के लिए पत्र दिया है। मगर अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। - विनोद कंसल, पूर्व महासचिव एवं आजीवन सदस्य, श्री रामलीला कमेटी कटला
पूर्व कार्यकारिणी ने मिलन समारोह में जताया आभार
कटला रामलीला कमेटी कार्यकारिणी की ओर से स्नेह मिलन रात्रि भोज का आयोजन किया गया। निवर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल पूरा होने पर सभी के सहयोग के लिए आभार जताया गया। कॉलेजियम हेड के लिए लजीज होटल में आयोजित किए गए स्नेह मिलन रात्रि भोज में कटला रामलीला की गरिमा को कायम रखने और पूरी निष्ठा से काम करने का संकल्प दोहराया गया। निवर्तमान प्रधान सुरेंद्र लाहौरिया, उप प्रधान कुलप्रकाश गोयल (बंटी), महामंत्री राजेश बंसल व कोषाध्यक्ष रमेश लोहिया ने तीन वर्ष तक भरपूर सहयोग देने के लिए सभी कॉलेजियम हेड व सदस्यों का धन्यवाद किया।