रेलवे स्टेशन की कैंटीन पर लगी खाने-पीने की चीजों की रेट लिस्ट।
हिसार। रेलवे स्टेशन पर कैंटीन संचालक चाय की चुस्की के दीवानों से वसूली कर रहे हैं। कैंटीन पर चस्पाई रेट लिस्ट में चाय 5 रुपये की है मगर यात्रियों से 10 रुपये वसूल रहे हैं। 10 रुपये वाली कॉफी के 20 रुपये लिए जा रहे हैं। ऐसे में रोजाना हजारों यात्रियों को रेट लिस्ट पर तय दाम से ज्यादा रुपये वसूलने का खेल चल रहा है। कई कैंटीन से तो रेट लिस्ट तक गायब है।
बता दें, कि रेलवे स्टेशन पर रोजाना करीब 50 ट्रेनों का आवागमन रहता हैं। 10 हजार से ज्यादा यात्री सफर करने पहुंचते हैं। स्टेशन पर 10 से ज्यादा कैंटीन खुली हुई हैं। सभी कैंटीन के संचालक यात्रियों से खाने-पीने की चीजों के तय रेट से ज्यादा वसूलकर चुना लगा रहे हैं।
पानी की बोतल भी बिक रही महंगी
रेलवे स्टेशन पर बिकने वाली पानी की बोतल पर 15 रुपये रेट लिखा है। मगर ठंडे पानी के नाम पर यात्रियों से बोतल के 20 रुपये वसूल रहे हैं। इस बात को लेकर कई बार यात्री भी कैंटीन संचालकों से उलझ जाते हैं। अब यात्री इसको लेकर बीकानेर मंडल के अधिकारियों के पास शिकायत देंगे। स्टेशन पर लगी वाटर वेंडिंग मशीनों पर ताला लटका हुआ है। इस कारण यात्री कैंटीन से पानी की बोतल खरीदने को मजबूर है।
रेट लिस्ट की कई चीजें नहीं उपलब्ध
कुछ कैंटीन पर लगी रेट लिस्ट में कई खाने की चीजों के नाम और रेट लिखे हुए हैं। मगर इनमें से काफी चीजें कैंटीन पर उपलब्ध नहीं है। एक कैंटीन पर जनता खाना भी लिखा हुआ है। यहां तक कि बिल न मिलने पर खाना मुफ्त की बात भी लिखी हुई है। जबकि कैंटीन पर खाना तक नहीं है।
-
रेट लिस्ट से ज्यादा रुपये वसूल रहे है तो गलत है। इस बारे में संबंधित अधिकारी को बताया जाएगा, ताकि कैंटीन पर चेक कराया जा सके। -
कैप्टन शशि किरण, मुख्य जनसंपर्क अधिकारी, उत्तर पश्चिम रेलवे