हिसार। अगले 15 दिनों में नगर निगम के बंद पड़े स्लाटर हाउस को चालू करवाया जाएगा। इसके साथ शहर में कहीं भी मीट खुले में कटने व बिकने नहीं दिया जाएगा। मेयर गौतम सरदाना ने अमर उजाला की खबर पर संज्ञान लेते हुए मंगलवार को नगर निगम में हुई सेनिटेशन की सब कमेटी की बैठक में अधिकारियों को ये आदेश दिए। अमर उजाला ने मंगलवार के अंक में स्लाटर हाउस की खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था, जिसके बताया था कि 1.22 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी स्लाटर हाउस बंद पड़ा है।
बैठक में मेयर गौतम सरदाना ने कहा कि पूरे शहर में सड़क पर ही स्लाटरिंग हो रही है। 15 दिन में स्लाटर हाउस को चलाया जाए और उसमें स्लाटरिंग करवाई जाए। इसके अलावा जहां कहीं भी मीट बिक रहा है, वहां शीशे के गेट लगवाए जाए। अगर कहीं सड़क किनारे खोखे में स्लाटरिंग हो रही है तो उन्हें उठवाया जाए। इस पर संयुक्त आयुक्त बेलिना ने कहा कि वह लाइसेंस चेक करेंगे कि कहीं उसकी वैधता पूरी तो नहीं हो गई। पार्षद अनिल जैन ने कहा कि शहर में एक मीट मार्केट भी बनवाई जाए तो मेयर ने अधिकारियों से कहा कि वह मीट मार्केट के लिए शहर में जगह देखे।
1 से 10 वार्ड में एजेंसी के कितने वाहन उठा रहे कचरा
मेयर गौतम सरदाना ने अधिकारियों से पूछा कि वार्ड 1 से 10 में एजेंसी ने कितने वाहन लगा रखे हैं। मेयर ने अधिकारियों से टेंडर की आरएफपी मंगवाई। साथ ही सभी वाहनों की फोटो व आरसी भी मंगवाई। हालांकि पार्षद बोले कि एजेंसी की व्यवस्था ठीक है। मेयर बोले कि क्या पता निगम को चूना लगा रहा हो। एमई सुनील लांबा ने बताया कि एजेंसी के 35 टिपर व 13-14 ट्रैक्टर है, जो दो चक्कर लगाते हैं। एजेंसी को सुबह 7 से दोपहर 12 बजे तक कचरे का उठान करना होता है। हालांकि कुछ एरिया में शाम को भी कचरे का उठान किया जाता है। मेयर ने कहा कि रूट चार्ट का लोगों को भी पता हो। पार्षद अपने वार्ड में चेक करें।
बैठक में अधिकारियों ने यह दी जानकारी
- 5 जून को पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में गोअभयारण्य में पौधरोपण किया जाएगा।
- शहर के सभी एमआरएफ, पुस्तकालयों व सामुदायिक केंद्रों में आरआरआर सेंटर बनाए जाएंगे, जहां शहरवासी हर तरह का अनुपयोगी सामान दे सकते हैं। इस सामान को रिसाइकिल किया जाएगा या फिर उसका दोबारा से इस्तेमाल किया जाएगा।
- वार्ड 1 से 10 का रोड सफाई के 28 करोड़ रुपये के एस्टीमेट को मंजूरी के लिए मुख्यालय भेजा जाएगा। इसके बाद टेंडर लगाया जाएगा।
- सीएंडडी वेस्ट के उठान व रिसाइकिल के लिए टेंडर लगाया जाएगा।
- मेयर ने अधिकारियों को सामुदायिक केंद्रों के रखरखाव के लिए अलॉट किए गए टेंडर के वर्क ऑर्डर देने को कहा।