जिले में बुधवार को अचानक 300 से अधिक कोरोना केस मिले, जो अब तक का एक दिन में अधिक संक्रमित मरीज मिलने का जिले का रिकॉर्ड है। इससे पहले 18 सितंबर को सबसे अधिक 227 केस मिले थे। इसके अलावा बुधवार को 4 मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत भी हुई। विशेषज्ञों का मानना है कि मौसम में परिवर्तन और त्योहारी सीजन को लेकर आमजन द्वारा बढ़ रही लापरवाही के कारण केसों में इजाफा हुआ है।
विभाग के अनुसार बुधवार को दो महिलाओं सहित चार मरीजों की कोरोना संक्रमण से मौत हुई। इनमें शहर की जयदेव नगर निवासी 80 वर्षीय व 60 वर्षीय महिला, मिर्जापुर निवासी 68 वर्षीय बुजुर्ग व शहर निवासी 35 वर्षीय युवक शामिल हैं। यह चारों गंभीर हालत में थे और वेंटिलेटर पर रखे गए थे। विभाग द्वारा जारी की गई रिपोर्ट के अनुसार यह सभी मृतक शुगर, निमोनिया, दिल की बीमारी, हैड्रोसेफालूस, ब्रेन सर्टेन कंप्रेशन आदि बीमारियों से ग्रस्त थे। इनमें से दो अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में, एक जिंदल अस्पताल और एक नोबेल अस्पताल में दाखिल था।
यदि जिले में एक दिन में सबसे अधिक कोरोना संक्रमित मिलने की बात की जाए तो अब तक 200 से अधिक केस तीन बार मिल चुके हैं। इसके अलावा 150 से अधिक केस करीब 15 बार मिले हैं और 100 से अधिक मरीज मिलने का आंकड़ा 36 है।
कुल संक्रमित 10819, मृतकों की संख्या हुई 142
बुधवार को मिले संक्रमितों को मिलाकर जिले में इनकी संख्या 10819 हो गई है। इनमें से जिले के 8937 मरीज कोरोना की जंग जीत कर घर लौट चुके हैं, जबकि 1740 एक्टिव केस हैं। बुधवार को रिकवरी रेट में गिरावट दर्ज की गई जो 82.60 प्रतिशत रहा। स्वास्थ्य विभाग की टीमें सभी मरीजों की हिस्ट्री जुटा रही हैं, जिसके बाद उन्हें लक्षण के हिसाब से अस्पताल या केयर सेंटर में रेफर किया जाएगा।
यह मिले संक्रमित
डिप्टी सीएमओ डॉ. जया गोयल के अनुसार बुधवार को मिले संक्रमितों में जेएसएल का एएम व फोरमन, ट्रैवल एजेंसी का कर्मचारी, जिला अस्पताल का डीएचसीवी व स्टाफ नर्स, मैनेजिंग डायरेक्टर, तीन चिकित्सक, आईटीआई इंस्पेक्टर, चार बैंक कर्मी, न्यूरो सर्जन, निजी कोचिंग सेंटर का मालिक, न्यू ऋषि नगर की ब्यूटी पार्लर की युवती, एचडीएफसी बैंक कर्मी, सब इंस्पेक्टर, आशा, जिंदल अस्पताल का डॉक्टर व चालक, बैंक ऑफ बरोदा के 2 कर्मचारी, हॉर्टिकल्चर सुपरवाइजर, पब्लिक हेल्थ विभाग का जेई, बीएसएनल का अकाउंट ऑफिसर, 5 अध्यापक सहित अन्य लोग शामिल हैं।
बुधवार को अचानक 300 से अधिक कोरोना केस मिले हैं। यह गंभीर विषय है। अब मौसम परिवर्तन भी हुआ है तो केस बढ़ सकते हैं। त्योहार के चलते आमजन लापरवाही बरत रहे हैं। ऐसे में केस बढ़ने की आशंका ज्यादा है। कोरोना नियमों का पालन जरूरी है, क्योंकि फिलहाल यही इसकी दवा है।
डॉ. गोविंद गुप्ता, पीएमओ, नागरिक अस्पताल, हिसार।