नारनौंद। सीआईए-1 टीम ने नारनौंद के वार्ड-11 निवासी रविंद्र उर्फ डीसी को अवैध देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी प्याऊ माजरा रोड पर किसी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में किसी का इंतजार कर रहा था। उसके पास हथियार का लाइसेंस भी नहीं मिला। जांच अधिकारी सचिन ने बताया कि टीम बस स्टैंड माढ़ा के पास गश्त कर रही थी। मुखबिर की सूचना पर प्याऊ माजरा रोड पर दबिश देकर नारनौंद के वार्ड नंबर 11 निवासी आरोपी को काबू किया गया। तलाशी में उसकी जींस की जेब से खाली चैंबर वाली देसी पिस्तौल और दूसरी जेब से दो कारतूस मिले। पुलिस ने हथियार सील कर थाना नारनौंद में प्राथमिकी दर्ज की है। आरोपी को अदालत में पेश किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।