हांसी। राशन डिपो होल्डरों की हड़ताल खत्म होने से जरूरतमंद परिवारों ने राहत की सांस ली है, लेकिन इस बार राशन में गेहूं कम व बाजरा ज्यादा मिलेगा। उपमंडल में आधे राशन डिपो होल्डरों ने वितरण का कार्य शुरू कर दिया है। कई राशन डिपो होल्डर अभी हड़ताल पर हैं। वहीं 20 जनवरी के बाद राशन वितरण शुरू करेंगे।
हड़ताल खत्म होने पर विभाग ने उपमंडल के 160 राशन डिपों पर 9500 क्विंटल बाजरा व 6200 क्विंटल गेहूं वितरित किया। इस बार बाजरा की मात्रा ज्यादा है। ऐसे में राशन डिपो होल्डरों द्वारा गेहूं कम व बाजरा ज्यादा वितरित किया जाएगा। गेहूं कम मिलने से कार्ड धारकों को परेशानी हो सकती है। गेहूं के साथ-साथ हर कार्ड पर दो लीटर सरसों तेल व चीनी प्रति कार्ड एक किलो मिलेगी। गुरुवार को राशन वितरण शुरू किए जाने पर राशन डिपुओं पर लंबी लाइनें देखने को मिली। कार्ड धारकों को घंटों लाइन में इंतजार करना पड़ा। आगामी कुछ दिनों तक राशन डिपुओं पर ऐसी ही लंबी लाइनें देखने को मिल सकती हैं। बता दें कि इस बार अपनी मांगों को लेकर राशन डिपो होल्डर प्रदेश स्तर पर हड़ताल पर थे। राशन डिपो होल्डरों ने 17 दिन तक राशन वितरण शुरू नहीं किया। अभी शहरी क्षेत्रों में राशन वितरण शुरू हो गया है, लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में राशन वितरण शुरू नहीं हुआ है।
इतने हैं कार्ड धारक व इतनी है लागत
हांसी में कुल 160 राशन डिपो हैं व 69 हजार कार्ड धारक है। इनके लिए करीब साढ़े 15 हजार क्विंटल राशन वितरण किया जाता है। प्रति सदस्य पर पांच किलो गेहूं दिया जाता है। आमदिनों में गेहूं की सप्लाई आती है। सर्दियों में बाजरा वितरित किया जाता है।
राशन तो पूरा है, लेकिन बाजरा की सप्लाई इस बार ज्यादा हुई। राशन शुरुआत के 70 प्रतिशत कार्ड धारकों तक समान मात्रा में मिलेगा। उसके बाद बचे तीस प्रतिशत कार्ड धारकों को बाजरा मिलेगा। - पवन भुटानी, सचिव, हरियाणा डिपो होल्डर एसोसिएशन