हिसार। रक्षा बंधन का पर्व नजदीक आते ही हिसार शहर का बाजार पूरी तरह से राखीमय हो गया है। इस बार राखी 9 अगस्त को मनाई जाएगी और त्योहार की रौनक बाजारों में अभी से दिखने लगी है। रूबी कलेक्शन में स्टोन और ईविल आई राखियों की सबसे ज्यादा मांग है।
शहर की प्रमुख मार्केट जैसे राजगुरु मार्केट, दिल्ली रोड, मॉडल टाउन और आजाद नगर की दुकानों और फुटपाथों पर राखियों की सैकड़ों स्टॉलें सज चुकी हैं। राखियों की कीमतें इस बार 10 रुपये से शुरू होकर 1500 रुपये तक पहुंच रही हैं। हर उम्र और वर्ग के लिए बाजार में कुछ न कुछ नया मौजूद है। खास बात यह है कि इस बार राखियों की बिक्री में करीब 30 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे व्यापारियों में खासा उत्साह है।
रूबी कलेक्शन बना सबसे बड़ा आकर्षण राखियों की दुकानों में रूबी कलेक्शन सबसे ज्यादा चर्चा में है। यहां का स्टॉक सबसे बड़ा माना जा रहा है और यही वजह है कि सबसे ज्यादा ग्राहक इसी कलेक्शन की ओर आकर्षित हो रहे हैं। संचालक नोनू ने बताया कि विशेष रूप से स्टोन वाली राखियां और ईविल आई डिजाइंस की मांग लगातार बढ़ रही है। ईविल आई राखियों को लोग नकारात्मक ऊर्जा से बचाने के प्रतीक के रूप में देख रहे हैं।
इस खबर की अवॉर्ड वाली हेडिंग्स
राखियों की वैरायटी और कीमतें
इस बार बाजार में एडवांस राखियां 150 से 1000 रुपये तक मिल रही हैं। कलकत्ता राखियां 50 से 250 रुपये, शिवलिंग राखियां 130 से 300 रुपये, और फैमिली राखी सेट 650 रुपये तक बिक रहे हैं। प्लेट राखियों की कीमतें 50 से 450 रुपये तक जा रही हैं, जबकि ब्रासलेट राखियां 600 से लेकर 1500 रुपये तक उपलब्ध हैं।
बाजार में रौनक
दुकानदार विशू ने बताया कि राखी सीजन में वह रोजाना 40-50 हजार रुपये तक की बिक्री कर लेते हैं। त्योहार के चलते बाजार में रौनक है और भाई-बहन के इस पावन पर्व को यादगार बनाने के लिए लोग रंग-बिरंगी राखियों की खरीदारी में जुटे हैं। डिजाइनर राखियों से लेकर पारंपरिक कलाइयों की शोभा बढ़ाने वाली राखियों बाजार में हैं।