नारनौंद। संत रतन नाथ महाराज के जन्मदिवस पर गांव राखी शाहपुर के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैदान में आयोजित दो दिवसीय सर्कल कबड्डी महाकुंभ का समापन रविवार देर रात हुआ। 70 किलोग्राम वर्ग में राखी गढ़ी और ओपन वर्ग में बहु अकबरपुर (रोहतक) की टीम चैंपियन बनी।
70 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में राखी गढ़ी ने आक्रामक खेल दिखाते हुए सिंघवा राघो को 25-13 से हराया। सेमीफाइनल में सिंघवा राघो ने सीसर को 25-23 तथा राखी गढ़ी ने मखंड को 25-16 से हराया था। प्रारंभिक दौर में मतलोडा, सिंघवा राघो, खेड़ी जालब, राखी गढ़ी, शिमला, हथो, मनजीत कोथ, सीसर नरवाना, जेवरा, धमतान साहिब, बड़नपुर, कुचराना, भागल कैथल, नैना, राखी सी, जीदा (पंजाब), सरहेड़ा, छैने (जींद), कोथ कला दीपक, मखंड, मैणी भैरो, हैबतपुर, बुडाना, पेटवाड़ और राजली की टीमें विजेता रहीं।
ओपन वर्ग में पहले चरण में शेखपुरा, कुचराना, बडाला, बहु अकबरपुर, कोथ कलां, अलेवा घोघड़िया और शकरपुर (पंजाब) जीते। दूसरे चरण के बाद शेखपुरा, अलेवा, बहु अकबरपुर व शकरपुर सेमीफाइनल में पहुंचे। फाइनल में बहु अकबरपुर ने शकरपुर को 31-10 से हराकर खिताब जीता।
ग्रामीण परिवेश में हुए आयोजन में देर रात तक दर्शक तालियों और जयकारों से खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते रहे। आयोजन समिति के मास्टर रमेश, आजाद श्योराण, शमशेर सैनी, राजीव, विकास और अशोक ने सहयोग के लिए ग्रामीणों का आभार जताया।
बेस्ट खिलाड़ियों को स्प्लेंडर व ऑटो कार
70 किलोग्राम वर्ग विजेता को 51,000 और उपविजेता को 41,000 रुपये नकद पुरस्कार मिला। तीसरे-चौथे स्थान पर 5,100-5,100 तथा पांचवें से आठवें स्थान तक 2,100-2,100 रुपये दिए गए। बेस्ट रेडर गोलू राखी और बेस्ट कैचर सुरेश राखी को एक-एक स्प्लेंडर बाइक मिली। ओपन वर्ग विजेता को 1.50 लाख और उपविजेता शकरपुर को 1 लाख रुपये दिए गए। बेस्ट कैचर शीलू बल्हारा, मनीष बल्हारा और बेस्ट रेडर रवि दयोरा को एक-एक ऑटो कार पुरस्कार स्वरूप प्रदान की गई।