हिसार। राजकीय महिला महाविद्यालय के वाणिज्य विभाग की ओर से बीबीए कोर्स के लिए इंस्टीट्यूशन इनोवेशन काउंसिल (आईआईसी) का गठन किया गया है। इसमें शहर के व्यवसायी राजकुमार, कविता वर्मा और आईटी विशेषज्ञ सुनील को विशेषज्ञ सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।
इस उद्देश्य से आयोजित बैठक में उद्योग जगत और उद्यमिता क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञों का चयन किया गया, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक मार्गदर्शन, इंटर्नशिप के अवसर, नवाचार तथा स्टार्टअप से जुड़ा मंच उपलब्ध कराया जा सके।
बैठक के दौरान उद्योग एवं उद्यमिता क्षेत्र से जुड़े प्रतिष्ठित विशेषज्ञों को औपचारिक रूप से आईआईसी के विशेषज्ञ सदस्य के रूप में नियुक्त किया गया। ये विशेषज्ञ विद्यार्थियों को उद्योग की आवश्यकताओं, कौशल विकास, इंटर्नशिप और उद्यमिता से संबंधित मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।
वाणिज्य विभाग की सहायक प्राध्यापक डॉ. वसुंधरा ने अतिथि विशेषज्ञों, स्टाफ सदस्यों और छात्र प्रतिनिधियों का स्वागत करते हुए बैठक का शुभारंभ किया। इसके बाद वाणिज्य विभाग के अध्यक्ष सतीश सिंगला ने आईआईसी की रूपरेखा, उद्देश्य और बीबीए कोर्स के लिए इसके महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आईआईसी के माध्यम से विद्यार्थियों में नवाचार की सोच विकसित होगी और उन्हें उद्योग आधारित सीखने के अवसर मिलेंगे।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सतबीर सांगा ने सभी विशेषज्ञों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उद्योग–संस्थान सहभागिता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों को नौकरी के साथ-साथ स्वरोजगार के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की परिषद विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर और उद्यमी बनाने में सहायक सिद्ध होगी। बैठक में डॉ. सत्येंद्र यादव, डॉ. हर्षा, डॉ. अनीता तनेजा, डॉ. वसुंधरा, हिना पाहुजा, शाइना, डॉ. राकेश सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।