हिसार। शहर में लगातार दूसरे दिन बुधवार को बारिश हुई। हालांकि इस दौरान कहीं झमाझम तो कहीं हल्की बारिश हुई। बारिश के शहर के मुख्य मार्गों सहित कॉलोनियों में जलभराव हो गया। जलनिकासी के समुचित प्रबंध न होने के कारण शाम तक मुख्य मार्गों व कॉलोनियों में पानी भरा रहा।
शहर में अलसुबह हुई झमाझम बारिश के रुक-रुक बारिश होती रही। सुबह शहरवासी घर से बाहर निकले तो हर जगह पानी ही पानी नजर आया। इस कारण से बच्चों को स्कूल जाने और लोगों को कार्यालयों में जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान मुख्य मार्गों पर जाम के हालात भी रहे। आईएमडी का बारिश मापने का यंत्र हिसार-दिल्ली नेशनल हाईवे पर जीजेयू के पास लगा हुआ है। यहां जितनी बारिश होती है, आईएमडी वह डाटा रिलीज करता है। बुधवार को आईएमडी के मुताबिक शहर में सात मिमी बारिश हुई, जबकि शहर में करीब 25 से 30 मिमी बारिश हुई।
सेक्टर-15 मोड़ पर मंगलवार रात को फुटपाथ धंस गया, जिससे करीब छह फुट गहरा गड्ढा बन गया। हालांकि गड्ढे के चारों तरफ बैरिकेडिंग करवा दी गई है। बीएंडआर के अधिकारियों की मानें तो नीचे से कोई पाइप की लीकेज की वजह से फुटपाथ धंसा है। जल्द ही इसे ठीक करवाया जाएगा।
बीएंडआर कार्यालय के पास मेन रोड पर पेड़ टूटकर गिरा
बीएंडआर कार्यालय के पास मेन रोड पर एक बड़ा पेड़ टूट कर गिर गया। गनीमत यह रही कि जिस समय यह घटना हुआ है, उस समस वहां से कोई गुजर नहीं रहा था। सुबह विभाग ने टूटे हुए पेड़ को वहां से हटवाया। जब तक पेड़ नहीं हटा, तब तक रोड को वन वे कर दिया गया।
संयुक्त आयुक्त ने जलभराव वाले क्षेत्रों का लिया जायजा
हिसार। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. प्रीतपाल सिंह ने बुधवार को शहर की ब्रह्मपुरी कॉलोनी, कुंजलाल गार्डन, हरि नगर, डोगरान मोहल्ला, संतनगर और विजयनगर में जलभराव का जायजा लिया। यहां उन्हें हालात काफी बदतर मिले। बारिश व सीवर का पानी दो फुट घरों के अंदर तक गया हुआ था। इस क्षेत्र में घरों के अंदर सीवर का पानी बैक मार रहा था।
संयुक्त आयुक्त ने मौके पर ही उपायुक्त प्रदीप दहिया को अवगत करवाया। उपायुक्त ने जनस्वास्थ्य विभाग के एक्सईएन को ब्रह्मपुरी कॉलोनी और कुंजलाल गार्डन की सीवर व्यवस्था और जलभराव की समस्या का तुरंत समाधान करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर निवर्तमान पार्षद अमित ग्रोवर भी मौजूद रहे।