हिसार। मानसून सक्रिय होने के चलते मंगलवार को प्रदेश के 11 जिलों में बारिश दर्ज की गई। 12 अगस्त को प्रदेश भर में बादलवाही रहेगा। 13 से 15 अगस्त तक मध्यम से तेज श्रेणी की बारिश होने की उम्मीद है।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि मंगलवार को चरखी दादरी में 29.4,सोनीपत में 26.2,यमुनानगर में 12.5, कुरुक्षेत्र में 11.1, फतेहाबाद में 9.8, पानीपत में 7.8,जींद में 5.9, हिसार में 5.5,महेंद्रगढ़ में 4 ,सिरसा में 1.6, फरीदाबाद में 1.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। उन्होंने बताया कि मानसून टर्फ हरियाणा पर होने के चलते अभी बारिश का दौर जारी रहेगा। बुधवार को हल्की बारिश के आसार हैं। आसमान में बादलों का प्रभाव रहेगा। एक जून से अब तक की बात करें तो आधे हरियाणा में सामान्य से कम बारिश हुई है। पंचकूला में सामान्य से 58, अंबाला में सामान्य से 54 प्रतिशत बारिश कम हुई है। करनाल में 47, कैथल में 45, सोनीपत में 44, करनाल में 33, सोनीपत में 26, पानीपत में 25 प्रतिशत कम बारिश हुई है। हिसार में सामान्य से 3 प्रतिशत बारिश कम हुई है। प्रदेश में पलवल जिले में सामान्य से 44 प्रतिशत बारिश ज्यादा हुई है। पलवल जिला बारिश के मामले में प्रदेश में सबसे आगे है।