केंद्रीय रेल मंत्री सुरेश प्रभु पहली बार 27 को हिसार आएंगे। इस दौरान वह वॉशिंग यार्ड का शिलान्यास करेंगे। हिसार रेलवे स्टेशन पर रिमोट के जरिए वॉशिंग यार्ड का शिलान्यास होगा। करीब छह करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वॉशिंग यार्ड को फरवरी माह में रेल बजट में मंजूरी दी गई थी।
रेल मंत्री सुरेश प्रभु 27 अक्तूबर को हिसार के अग्रोहा धाम मेले में हिस्सा लेने आएंगे। रेल मंत्री का हिसार जिले में यह पहला आगमन होगा। रेल मंत्री हिसार की करीब तीन दशक पुरानी मांग को सिरे चढ़ाने के लिए वॉशिंग यार्ड की आधारशिला रखेंगे।
वॉशिंग यार्ड को सुरेश प्रभु ने ही फरवरी महीने में पेश किए गए रेल बजट में मंजूरी प्रदान की थी। करीब दो महीने पहले रेलवे के अधिकारियों ने वॉशिंग यार्ड के लिए हिसार रेलवे स्टेशन एरिया का मुआयना किया था। रेलवे की ओर से वॉशिंग यार्ड के लिए लोकेशन तय कर ली गई है। तेल डिपो के पास एरिया में वॉशिंग यार्ड बनाया जाना प्रस्तावित है।
सीपीएस ने बदला कार्यक्रम
प्रदेश के मुख्य संसदीय सचिव डॉ. कमल गुप्ता पिछले कई दिन से बिहार चुनाव में व्यस्त हैं। हिसार में 27 को वाशिंग यार्ड के शिलान्यास का कार्यक्रम तय होते ही सीपीएस ने हिसार का कार्यक्रम तय कर लिया है। पहले सीपीएस को 28 तक प्रचार करना था। अब सीपीएस 27 को ही वापस हिसार लौटेंगे।
डाबड़ा पुल प्रोजेक्ट के लिए इंतजार
स्थानीय स्तर पर रेल मंत्री को हिसार के तीन प्रोजेक्टस भेजे गए थे। जिसमें डाबड़ा चौक रेलवे पुल को फोरलेन तथा सूर्य नगर आरओबी का प्रस्ताव था। रेलवे की ओर से इन प्रोजेक्टस को मंजूरी नहीं मिल सकी है। इस कारण रेल मंत्री के इस दौरे में यह आधारशिला नहीं रखी जाएंगी।
सांसद दो अक्तूबर को गए थे बीकानेर
सांसद दुष्यंत चौटाला ने दो अक्तूबर को क्षेत्र की रेलवे संबंधी समस्याओं व मांगों को लेकर हिसार से बीकानेर पैसेंजर ट्रेन से सफर कर डीआरएम के पास पहुंचे थे। बीकानेर डीआरएम को डाबड़ा पुल, वाशिंग यार्ड, सूर्य नगर आरओबी सहित 24 प्रमुख मांग रखी थी।
उच्च अधिकारियों की ओर से हिसार में वाशिंग यार्ड की आधारशिला रखने का प्रोग्राम शेडयूल आ गया है, जिसे फाइनल किया जा रहा है। 27 को रेल मंत्री सुरेश प्रभु आधारशिला रखेंगे। सोमवार को पूरी डिटेल तैयार हो जाएगी।
- राजीव सक्सेना, डीआरएम, बीकानेर मंडल, रेलवे