हांसी। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड और नगर परिषद की संयुक्त टीम ने प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक के खिलाफ कार्रवाई करते हुए शहर के मुख्य बाजार में छापामार की। इस दौरान पांच दुकानदारों के 3,500 रुपये के चालान काटे गए और 800 ग्राम प्रतिबंधित सिंगल-यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।
कार्रवाई के दौरान टीम के पहुंचते ही दुकानदारों में हड़कंप मच गया और कई दुकानदारों ने प्लास्टिक सामग्री छिपाने का प्रयास किया। निरीक्षण टीम में हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के जूनियर एनवायरमेंटल इंजीनियर राहुल और नगर परिषद के सफाई निरीक्षक संजय कुमार शामिल रहे। टीम ने रिटेल दुकानों, रेहड़ी-पटरी वालों और थोक विक्रेताओं सहित विभिन्न व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।
जूनियर एनवायरमेंटल इंजीनियर राहुल ने बताया कि सिंगल-यूज़ प्लास्टिक का उपयोग प्लास्टिक कचरा प्रबंधन नियमों का उल्लंघन है और यह पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा है। उन्होंने चेतावनी दी कि इस तरह की औचक छापेमारी आगे भी नियमित रूप से जारी रहेगी। दोबारा उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और आम जनता से अपील की कि हांसी और हिसार जिले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के लिए कपड़े या जूट के थैलों जैसे पर्यावरण-अनुकूल विकल्पों का उपयोग करें।