केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी योजना रि-स्ट्रक्चर्ड एक्सीलेरेटिड पावर डेवलपमेंट एंड रिफोमर्स प्रोग्राम (आर-एपीडीआरपी) के तहत दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम प्रदेश के 15 शहरों की बिजली व्यवस्था सुधारने में लगा है।
इस सुधार के लिए दो चरणों में करीब तीन सौ करोड़ रुपये से ज्यादा की राशि खर्च की जाएगी। पहले जहां पार्ट ए के तहत सारा सिस्टम ऑनलाइन किया जाएगा, वहीं उसके बाद पार्ट बी के अंतर्गत फील्ड में जाकर ट्रांसफार्मर से लेकर केबल तक बदलने का काम पूरा होगा। कुछ शहरों में पार्ट ए का काम पूरा किया जा चुका है।
आर-एपीडीआरपी स्कीम के तहत सबसे पहले चयनित शहरों में उपभोक्ताओं का डाटा एकत्रित कर बिलिंग सिस्टम, नया कनेक्शन लेने, अस्थायी कनेक्शन स्थायी करने, मीटर बदलने, लोड बढ़वाने आदि का सारा काम ऑनलाइन किया जाएगा। इसके बाद पार्ट बी के तहत खराब ट्रांसफार्मरों को बदलकर नए लगाए जाएंगे।
नई 11 केवी लाइनें बिछाई जाएंगी। कंडक्टर बदलने, नई थ्री-फेस लाइन बिछाने, एनर्जी मीटरों को शिफ्ट करने, सर्विस लाइन का नवीनीकरण करने के साथ लाइन लॉस कम करने के लिए भी सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे।
इन शहरों में होगा काम
शहर अनुमानित खर्च राशि (करोड़ में)
हिसार 76.45
बरवाला व हांसी 13.84
सिरसा 30.29
ऐलनाबाद व डबवाली 15.99
फतेहाबाद व टोहाना 15.26
जींद 35.76
नरवाना 15.37
भिवानी 41.75
नारनौल 15.37
रेवाड़ी 31.44
पलवल व होडल 13.45
आर-एपीडीआरपी स्कीम के तहत प्रदेश के कई शहरों में बिजली व्यवस्था को सुधारने के लिए तेजी से काम चल रहा है। काम पूरा होने के बाद उपभोक्ताओं को बेहतर व निर्बाध बिजली मिलेगी। काम में पारदर्शिता होगी।
- बलवंत सिंह चौहान, चीफ इंजीनियर, बिजली निगम