हांसी। इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला सोमवार शाम अनाज मंडी पहुंचे और फसल खरीद प्रक्रिया का जायजा लिया। उन्होंने मौके पर ही बिना गेट पास के एक ट्रैक्टर को मंडी में प्रवेश करवा कर सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा किया।
अभय ने प्रदेश सरकार की नीतियों और किसानों के प्रति उदासीनता पर जमकर निशाना साधा। चौटाला ने मुख्यमंत्री पर आरोप लगाते हुए कहा कि असली फैसले कहीं और से लिए जा रहे हैं और नायब सिंह सैनी को डमी मुख्यमंत्री बनाया गया है।
किसानों के बीच मौजूद चौटाला ने बायोमेट्रिक सत्यापन, ट्रैक्टर पंजीकरण और गेट पास जैसी शर्तों को अव्यवहारिक बताते हुए विरोध जताया। चौटाला ने कहा कि तकनीकी खामियों और जटिल नियमों के कारण किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है, जिससे समय और मेहनत दोनों बर्बाद हो रही हैं।
चौटाला ने मंडी में मार्केट कमेटी के सचिव यशपाल मेहता को निर्देश दिए कि किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और फसल खरीद प्रक्रिया सुचारू रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि नियमों में सुधार नहीं हुआ तो बड़े आंदोलन की योजना बनाई जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर जल्द ही मुख्यमंत्री से बातचीत करेंगे और फिलहाल नगर निगम चुनाव की रणनीति पर बाद में विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, पूर्व मंत्री संपत सिंह, उमेद लोहान, विजय जैन, सतपाल चहल, हरजीत बेरवाल, राजेश बिल्लू, महाबीर डाटा, राजेंद्र सोरखी आदि मौजूद रहे।
सरकार के सलाहकार मंडल में हरियाणा से बाहर के लोग शामिल :
अभय ने आरोप लगाया कि सरकार के सलाहकार मंडल में बाहरी लोग शामिल हैं, जो प्रदेश के किसानों की वास्तविक समस्याओं को नहीं समझते। बिजली निगम की कार्यशैली पर भी उन्होंने सवाल उठाए और कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के कारण खेतों में आग लग रही है, जिससे फसलें जलकर नष्ट हो रही हैं।