गांव पायल में पौधरोपण करते वन मंत्री राव नरबीर सिंह, नलवा विधायक रणधीर पनिहार व अन्य।
हिसार। गांव पायल में वीरवार को आयोजित वन महोत्सव कार्यक्रम के दौरान वन एवं पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह ने पौधरोपण का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्लास्टिक और सिंगल यूज पॉलीथिन का उपयोग बंद करने में आमजन सहयोग करें।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है जिसके लिए पर्यावरण और स्वास्थ्य बेहतर होना जरूरी है। कोरोना महामारी का जिक्र करते हुए उन्होंने प्राकृतिक संसाधनों के महत्व को रेखांकित किया और राजस्थान के खेजड़ली बलिदान का उदाहरण दिया।
उन्होंने महिलाओं से घरों में पॉलीथिन का उपयोग रोकने की अपील की। नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने कहा कि पौधरोपण को जन आंदोलन बनाना होगा। मंत्री ने पनिहार फार्म हाउस पहुंचकर भी पौधा लगाया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. बलदेव राज कांबोज, कुलपति विनोद कुमार वर्मा, महापौर प्रवीण पोपली और रविंद्र रोकी आदि उपस्थित रहे।