पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों को लगता है डीसी एवं नगर निगम कमिश्नर के आदेशों की कोई परवाह नहीं है। बार बार मीटिंग में डायरेक्शन देने के बावजूद पब्लिक हेल्थ ने निगम से बिना एनओसी लिए इंडस्ट्रियल एरिया की सीसी रोड तोड़ दी। नगर निगम के अधिकारियों ने इसको लेकर आपत्ति जताई है। निगम अधिकारियों की आपत्ति पर हालांकि पब्लिक हेल्थ ने कहा है कि वे तोड़ा गया सीसी रोड बनवा देंगे। मगर ये रोड कब बनेगा इसकी कोई गारंटी नहीं है। पब्लिक हेल्थ निगम के दर्जनों ऐसे रोड पहले भी तोड़ चुका है जो आज तक नहीं बनाए गए।
शहर में बुरा हाल
पब्लिक हेल्थ द्वारा शहर में कई जगहों पर सड़कें तोड़ी गईं हैं। नगर निगम, हुडा के अधिकारियों की साल भर पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों के साथ इसी मामले को लेकर खींचतान रहती है। इसके बावजूद पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों पर कोई असर नहीं पड़ रहा।
निगम पार्षद कर चुके डीसी को शिकायत
नगर निगम के पार्षद पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों की मनमानी को लेकर डीसी एवं निगम कमिश्नर को भी शिकायत कर चुके हैं। इसको लेकर ज्वाइंट कमिश्नर की अध्यक्षता में पार्षदों व पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों की मीटिंग करवाई गई। तालमेल बनवाने के लिए रखी गई मीटिंग के बाद भी अभी तक पब्लिक हेल्थ के अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों यहां तक की निगम अधिकारियों के बीच तालमेल नहीं बन पाया है।
क्या कहता है नियम
नियम के अनुसार जब भी किसी विभाग की कोई दूसरा विभाग किसी काम करने को लेकर सड़क तोड़ता है तो तोड़ी गई सड़क तोड़ने वाले विभाग को ही ठीक करवानी पड़ती है। सड़क तोड़ने से पहले संबंधित विभाग से एनओसी लेनी पड़ती है। एनओसी मिलने के बाद ही इस पर काम शुुरू करना होता है।
हमसे नहीं ली एनओसी
म्यूनिसिपल इंजीनियर प्रवीन कुमार ने बताया है कि इंडस्ट्रियल एरिया में निगम ने करीब 8 इंची सीसी रोड बनाया हुआ है। पब्लिक हेल्थ ने बिना एनओसी के रोड तोड़ दिया। उन्होंने कहा है पब्लिक हेल्थ ने पहले भी निगम की कई सड़कें तोड़ रखी हैं मगर बनवा नहीं रहा। निगम से बार बार रिमाइंडर भी डाला जा रहा है मगर रोड पब्लिक हेल्थ नहीं बना रहा। ये मामला उच्च अधिकारियों के संज्ञान में लाया जाएगा।
जेई साहब का आया था फोन, हम बनाएंगे रोड
उधर इस मामले को लेकर जब एसडीओ केके जैन से बात की गई तो उन्होंने कहा कि जीजेयू के पास बनाए जा रहे नए जलघर से यहां पानी बूस्टिंग स्टेशन में जाएगा। बूस्टिंग स्टेशन से मॉडल टाउन एक्सटेंशन में पानी पहुंचाने के लिए लाइन डाली जा रही है इसलिए रोड तोड़ा जा रहा है। हमारे एस्टीमेट में रोड रिपेयर का वर्क साथ डाला गया है। वैसे इस मामले को लेकर निगम जेई का भी फोन आया था। मैंने उन्हें ये रोड पब्लिक हेल्थ द्वारा बनाने के बारे में आश्वस्त कर दिया है।