फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कोरोनाबंदी : बाजार बंद, सड़कें रहीं सुनसान

विज्ञापन
ताली-थाली बजाकर सेवा में लगे लोगों का आभार व्यक्त करते आदमपुर निवासी। - फोटो : Hisar
विज्ञापन
हिसार। कोरोना वायरस से बचाव के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर रविवार को जनता कर्फ्यू को हिसार में पूर्ण समर्थन मिला। शहर की करीब चार लाख आबादी में से 95 प्रतिशत से ज्यादा शहरवासी घरों से बाहर नहीं निकले। एशिया की सबसे बड़ी ऑटो मार्केट हो या प्रदेश में प्रसिद्घ स्टील इंडस्ट्री, हर जगह काम बंद रहा। सबसे व्यस्त रहने वाले बाजारों में भी इक्का-दुक्का दुकानें ही खुली रहीं, बाकी सभी दुकानदार घरों में ही रहे। सार्वजनिक स्थानों से लेकर कॉलोनियों की सड़कें तक सुनसान नजर आईं। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में भी पूरी तरह जनता कर्फ्यू सफल रहा।
विज्ञापन

किसी ने टीवी देखकर तो किसी ने कैरमबोर्ड खेलकर बिताया दिन
बेशक, वायरस का डर रहा हो, लेकिन परिवार के साथ बैठकर लोगों को सुखद अनुभूति रही। हर किसी ने अपने व अपने परिवार की चिंता करते हुए घर में ही दिन बताया। किसी ने टीवी देखकर तो किसी ने लूडो व कैरमबोर्ड खेलकर अपना समय व्यतीत किया। बच्चे भी घर से बाहर न निकलें, इसकी पूरी व्यवस्था परिजनों ने संभाली।
नहीं चली 359 रोडवेज व प्राइवेट बसें
कोरोना वायरस से एहतियात के तौर पर परिवहन व्यवस्था भी पूरी तरह बंद रही। 249 हिसार व हांसी डिपो की रोडवेज बसों जबकि 110 प्राइवेट बसों में से एक भी बस का रविवार को परिचालन नहीं हुआ। विशेष बात यह रही कि बसों के बंद होने की सूचना पहले से होने के कारण बसों में यात्रा करने के लिए लोग भी नहीं आए। इस कारण किसी को भी बसों के नहीं चलने से परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
विज्ञापन

कमिश्नर ने 31 मार्च तक कम्यूनिटी, सेंटघरों में शादी के कार्यक्रमों पर लगाई रोक
नगर निगम कमिश्नर ने शहर के कम्यूनिटी सेंटरों में 31 मार्च तक होने वाले कार्यक्रमों को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया है। 31 मार्च तक 20 शादियों के कार्यक्रमों के लिए कम्यूनिटी सेंटरों की बुकिंग हो चुकी थी। इन सभी आयोजकों को निगम कर्मचारियों ने फोन करके कार्यक्रम रद्द करने के आदेशों से अवगत करवा दिया। कमिश्नर के अनुसार धारा 144 के तहत शहर में कोरोना वायरस रोकथाम एडवाइजरी के तहत भीड़ गैरकानूनी घोषित है। ऐसे में आयोजक अपने घर पर ही सादे ढंग से प्रोग्राम करते हुए बाद में सामान्य स्थिति होने पर सेलिब्रेट कर सकते हैं, अब कानून की पालना जरूरी है।
व्यापारियों की स्वेच्छा से बंद रही सब्जी मंडी
मिलगेट रोड स्थित नई सब्जी मंडी के व्यापारियों ने अपनी स्वेच्छा से मंडी बंद रखी। मंडी में रोजाना आने वाले 10 हजार से अधिक ग्राहकों की आवाजाही नहीं हुई। नई सब्जी मंडी में 365 फड़ और 85 दुकानें हैं। इनमें से एक पर भी सब्जी बेचने का काम नहीं हुआ। इसी तरह पुरानी सब्जी मंडी में भी कोई फड़ सब्जी बेचने के लिए नहीं लगाई गई।
कहीं बजी थालियां तो कहीं तेज आवाज में चलाई शंख व ताली बजाती रिंगटोन
प्रधानमंत्री के ही आह्वान पर लोगों ने शाम 5 बजते ही ताली व थाली बजाने की शुरुआत कर दी। सेक्टरों व कॉलोनियों में कई जगह गलियों में एकत्रित होकर सामूहिक रूप से भी थाली बजाई गई। खासकर, भाजपा के कट्टर समर्थकों की ओर से थाली बजाने को महत्व दिया गया। इसके अलावा कई लोगों ने मोबाइल में शंख व थाली बजाती रिंगटोन को चलाया। इसके जरिये पर्यावरण को वायरस मुक्त करने का संदेश दिया गया।
ये अन्य महत्वपूर्ण चीजें रही पूरी तरह बंद
- शहर में करीब 10 हजार ऑटो के पहिये रुके रहे
- शहर के चारों सिनेमा घर बंद रहे
- शहर के 293 पार्कों में लोगों की आवाजाही नहीं हुई
- 110 छोटे व बड़े मंदिरों में नहीं दिखे श्रद्घालु
- मुख्य बाजारों की 25 हजार से अधिक दुकानों पर लगे रहे ताले
- 150 कोचिंग संस्थानों में नहीं लगी एक भी क्लास
भारत में कोरोना का संक्रमण अभी स्टेज-2 में है। यदि यह स्टेज-3 यानी कम्यूनिटी ट्रांसमिशन में पहुंच जाता है तो इससे देश को गंभीर खतरा हो सकता है। इसी खतरे से बचने के लिए सोशल डिस्टेंस यानी एक-दूसरे से दूर रहने और भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने से बचने की जरूरत है। लोगों का घरों में रहना इस संक्रमण के चक्र को तोडने में मददगार होगा। शहर के लोगों ने अभूतपूर्व संयम व सहयोग का परिचय दिया।
डॉ. कमल गुप्ता, विधायक, हिसार
जनता कर्फ्यू में जिले के लोगों ने बढ़-चढ़कर सहयोग दिया और आशा अनुरूप घरों से बाहर निकलने से परहेज किया। इससे जनता कर्फ्यू का मकसद पूरा करने में मदद मिली। हमारा आह्वान है कि आगे भी प्रशासन के साथ सहयोग करें और भ्रामक सूचनाओं व अफवाहों पर विश्वास न करें बल्कि सरकारी प्रवक्ता के माध्यम से जारी सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
डॉ. प्रियंका सोनी, उपायुक्त
जनता कर्फ्यू में हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का समर्थन किया है। इसलिए रविवार को पूरी तरह से राजगुरु मार्केट बंद रही है। कोरोना वायरस को रोकने में हम सभी को अपना योगदान देना जरूरी है।
गौतम नारंग, प्रधान, राजगुरु मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन
ऑटो मार्केट के सभी व्यापारियों ने जनता कर्फ्यू को समर्थन देते हुए अपनी दुकानों को बंद रखा है। सभी ने परिवार के साथ घरों में ही रहकर अपना समय बिताया है। कोरोना के खिलाफ लड़ाई में हम सभी एक साथ हैं।
प्रताप मिस्त्री, प्रधान, ऑटो मार्केट वेलफेयर एसोसिएशन

सेक्टर 14 में थाली व ताली बजाकर आभार व्यक्त करते सेक्टरवासी।- फोटो : Hisar

अक्सर भीड़ से अटी रहने वाली राजगुरु मार्केट रविवार को सुनसान।- फोटो : Hisar

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें