हिसार। शहर के समग्र विकास को गति देने की दिशा में नगर निगम की बैठक में कई महत्वपूर्ण एजेंडों को मंजूरी दी गई। मेयर प्रवीण पोपली की अध्यक्षता में मुख्य सभागार में आयोजित बैठक में स्वास्थ्य, परिवहन, पेयजल, सीवरेज, सड़क निर्माण, सफाई, बिजली, शिक्षा और कानून व्यवस्था से जुड़े प्रस्ताव पारित किए गए। पारित प्रस्तावों के लागू होने पर शहरवासियों को बुनियादी सुविधाओं में सुधार का लाभ मिलने की उम्मीद है।
बैठक की शुरुआत जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जुड़े एजेंडों से हुई। ऋषिनगर में यूएचसी के बहुमंजिला भवन निर्माण का प्रस्ताव रखा गया। वार्ड 4 में एएनएम की तैनाती, वार्ड 7 में पद स्वीकृति, लैब तकनीशियन व डॉक्टरों की नियुक्ति, न्यू मॉडल टाउन में संचालित डिस्पेंसरी को नियमानुसार स्थानांतरित करने की फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार करने, दवाइयों के नियमानुसार भंडारण, मय्यड़ स्थित आयुष विभाग भवन में अग्निसुरक्षा कार्य के टेंडर, वेस्ट मैनेजमेंट, लॉन्ड्री और अन्य लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
आजाद नगर में बनेगा 50 बेड का अस्पताल, जमीन चयनित
आजादनगर में यूएचसी को 50 बेड के अस्पताल में अपग्रेड करने की मुख्यमंत्री घोषणा के तहत भूमि चयनित कर ली गई है। इसका एस्टीमेट तैयार कर फाइल तहसीलदार कार्यालय भेज दी गई है। वार्ड 11 में पीएचसी निर्माण के लिए विभाग मुख्यालय को रिमाइंडर भेजेगा और मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू होगा।
एचएसवीपी के प्रस्ताव सरकार को भेजे
जिला मुख्य चिकित्सा अधिकारी के एजेंडों के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई। सेक्टर 33 में कम्युनिटी सेंटर निर्माण, गेट नंबर-3 बनाने, सेक्टर 14, पी-1, पी-2 व सेक्टर 33 में बूस्टिंग स्टेशन शुरू करने, सफाई व्यवस्था सुधारने, सड़कों का निर्माण और पार्कों के विकास के प्रस्ताव पारित किए गए। सेक्टर 1 में पुलिस थाना स्थापित करने, दिव्यांग बच्चों के लिए सुरक्षित 5 एकड़ भूमि पर विशेष शिक्षण संस्थान बनाने, सेक्टर 15 में कम्युनिटी सेंटर का नया भवन निर्माण, सेक्टर 21 मेला ग्राउंड में पेयजल समस्या के समाधान, विभिन्न सेक्टरों में पेयजल आपूर्ति, सीवरेज सफाई, ओवरफ्लो नालों की सफाई, खाली प्लॉटों की सफाई और नोटिस जारी करने के एजेंडों को प्रस्ताव बनाकर सरकार को भेजा गया।
शहर को मिलेंगी नई बसें
हरियाणा रोडवेज विभाग से जुड़े एजेंडों पर चर्चा करते हुए बस स्टैंड से सेक्टर 1 से 4 तक इलेक्ट्रिक बसें चलाने का मुद्दा उठाया गया। आजादनगर में लंबे रूट की बसों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग भी रखी गई। विभाग ने बताया कि नई बसें आने पर रूट तय कर प्रस्ताव कार्यालय को भेजा जाएगा। वार्ड 11 की मास्टर कॉलोनी में बस स्टॉप बनाने और वार्ड 19 की गवर्नमेंट कॉलोनी में सिटी बस सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
मार्केट कमेटी के एजेंडे हुए पास
मार्केट कमेटी से जुड़े एजेंडों में दुकान नंबर 214 से 197 तक सड़क निर्माण, मंडी गेट पर जलभराव की समस्या का समाधान, मंडी की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करना और ग्रीन बेल्ट की दीवार का पुनर्निर्माण शामिल रहा। सदन ने इन प्रस्तावों को पास कर संबंधित विभाग के माध्यम से मुख्यालय भेजने के निर्देश दिए।
आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़ेगी
जिला महिला एवं बाल विकास विभाग से जुड़े एजेंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़ाने का मुद्दा प्रमुख रहा। वार्डों में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों की जानकारी, महिलाओं, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को दिए जाने वाले राशन व सरकारी योजनाओं की सूचना पार्षदों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। नई आंगनबाड़ी खोलने का प्रस्ताव पास कर मुख्यालय भेजा गया।
सरकारी स्कूलों में पेयजल व्यवस्था की जांच
जिला शिक्षा अधिकारी से जुड़े एजेंडों पर चर्चा के दौरान नगर निगम क्षेत्र के सभी सरकारी स्कूलों में पेयजल व्यवस्था की जांच कराने का निर्णय लिया गया। जनस्वास्थ्य विभाग की पाइपलाइन की फिजिबिलिटी और कनेक्शन संबंधी डाटा निगम कार्यालय में उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूलों में शौचालय निर्माण से संबंधित डाटा भी साझा किया जाएगा।
पुलिस विभाग को गश्त बढ़ाने के निर्देश
पुलिस विभाग से जुड़े एजेंडों में एचटीएम थाना मिलगेट, सिविल लाइन थाना, अर्बन एस्टेट थाना और आजादनगर थाना क्षेत्र में चयनित स्थानों पर गश्त बढ़ाने का मुद्दा उठाया गया। शिक्षण संस्थानों और स्कूलों के बाहर छुट्टी के समय विशेष गश्त करने, शहर के पीजी में समय-समय पर चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। 12 क्वार्टर चौकी, सूर्यनगर चौकी और मुलतानी चौक चौकी में एफआईआर दर्ज करने के लिए कर्मचारियों की तैनाती और गश्त व्यवस्था मजबूत करने की मांग की गई। टंकी चौक से अवैध खोखा हटाने के निर्देश दिए गए। अवैध हत्थों पर कार्रवाई और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने को कहा गया।
आजादनगर जलघर का मोगा होगा चौड़ा
सिंचाई विभाग से जुड़े एजेंडों में आजादनगर जलघर का मोगा चौड़ा करने और महावीर कॉलोनी वाटर वर्क्स के नाले को ढकवाने के निर्देश दिए गए।
लोक निर्माण विभाग कराएगा कई कार्य
लोक निर्माण विभाग के एजेंडों में पीएलए की पुलिया रोड निर्माण का मुद्दा उठा। विभागीय अधिकारी ने बताया कि अतिक्रमण हटने के बाद प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जाएगा। नई सब्जी मंडी रोड के साथ फुटपाथ निर्माण के लिए वन विभाग से एनओसी लेकर प्रस्ताव मुख्यालय भेजा जाएगा। मंजूरी के बाद कार्य शुरू होगा। दिल्ली रोड पर बरसाती नाले की स्लैब की मरम्मत कर विभाग इसे नगर निगम को सौंपेगा। तुलसी चौक (क्लॉथ मार्केट के पास), जिंदल चौक से जिंदल अस्पताल रोड, जिंदल चौक से सूर्यनगर ओवरब्रिज की ओर और सैनी स्वीट्स के पास स्लिप रोड निर्माण का प्रस्ताव पास किया गया। सरकार की मंजूरी के बाद कार्य शुरू होगा।
अगले तीन माह में बदले जाएंगे 1,800 जर्जर खंभे
डीएचबीवीएन से जुड़े एजेंडों में पुरानी बिजली लाइन बदलने, जर्जर खंभे हटाने, ट्रांसफॉर्मर लगाने व उनकी मरम्मत तथा फेंसिंग का मुद्दा उठाया गया। विभाग के एक्सईएन ने बताया कि 1,800 जर्जर खंभे बदलने की योजना पर कार्य चल रहा है, जिनमें से लगभग 500 खंभे हटाए जा चुके हैं। अगले तीन महीनों में कार्य पूरा करने का लक्ष्य है। केबल व इंटरनेट की अव्यवस्थित तारों को हटाने का मुद्दा भी उठा। जनवरी की बैठक में उठाए गए पांच मुद्दों पर कार्य न होने पर नाराजगी जताई गई। पार्षद जगमोहन मित्तल ने अपने क्षेत्र में खंभे लगाने के दौरान दुर्व्यवहार करने वाले जेई पर कार्रवाई की मांग की, जिस पर मेयर ने कार्रवाई के निर्देश दिए। 3 मार्च को साधारण बैठक के दूसरे दिन सबसे पहले बजट पेश किया जाएगा। इसके बाद निगम और अन्य विभागों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होगी।