हिसार। जिले की मंडियों में अब तक 36,823.19 टन धान की आवक हो चुकी है। इसमें से 22,305.64 टन की सरकारी खरीद की गई है और धान उत्पादक किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत 29.98 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। रविवार को मंडियों में 1,673.20 टन धान पहुंचा। अब तक 5,547 किसान फसल बेचने के लिए गेट पास कटवा चुके हैं।
मंडियों में 24,248.50 टन धान की नीलामी हो चुकी है, जबकि 14,476.01 टन की उठान हुई है। वर्ष 2026-27 के लिए राज्य में धान का अनुमानित उत्पादन 1.50 लाख टन है। इसके मुकाबले अब तक 24.60 प्रतिशत धान मंडियों में पहुंच चुका है।
11,639.66 टन बाजरे की आवक, नीलामी सिर्फ 68.40 टन की
जिले की मंडियों में अब तक 11,639.66 टन बाजरा पहुंच चुका है, लेकिन इसकी नीलामी केवल 68.40 टन की हुई है। बाजरे की उठान 32 प्रतिशत ही हो पाई है। जिले में बाजरे का अनुमानित कुल उत्पादन 28,089.19 टन है, जिसके मुकाबले 41.40 प्रतिशत बाजरा मंडियों में पहुंच चुका है। सरकारी खरीद नहीं होने के कारण बाजरा खुली बोली के माध्यम से बेचा जा रहा है। बाजरा उत्पादक किसानों को अब तक एमएसपी के तहत कोई भुगतान नहीं किया गया है। इससे परेशान किसान धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।