पेयजल समस्या से क्षुब्ध पुट्ठी मंगलखां के लोगों ने बुधवार को वाटर वर्क्स में प्रदर्शन किया। इस दौरान काफी संख्या में महिलाओं के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए कार्यकारी अभियंता जेएस मलिक को अपने क्वार्टर में अंदर से कुंडी लगाने को मजबूर होना पड़ा। महिलाओं ने एक्सईएन का घेराव कर उन्हें जमकर खरी-खरी सुनाई। बाद में उन्हें जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन देकर रवाना किया गया।
पुट्ठी मंगलखां में पिछले काफी अरसे से पेयजल की समस्या चल रही थी। गांव निवासी शांति देवी, चंद्रो देवी, संतोष, कलावती, बिमला, धनपति, पूनम, रेश्मा व कई अन्य का कहना था कि पब्लिक हेल्थ की सर्विस दुरुस्त नहीं होने के कारण उन्हें दूर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि वे अपनी समस्या को लेकर अधिकारियों को कई बार शिकायत दर्ज करवा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई है। गांव के जलघर में पानी की मोटरें काफी अरसे से खराब पड़ी हैं। कई बार तो ग्रामीणों ने अपने स्तर पर चंदा एकत्रित कर उसकी मरम्मत भी करवाई, लेकिन उनकी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
गुस्साई महिलाओं ने पब्लिक हेल्थ अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एक्सईएन जेएस मलिक का घेराव किया। काफी देर तक मलिक को प्रदर्शनकारी महिलाओं से पीछा छुड़वाना मुश्किल हो गया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि कोई भी अधिकरी फोन पर शिकायत सुनने को तैयार नहीं रहता है।
उनका कहना था कि मजबूरी में ही उन्हें यहां पब्लिक हेल्थ कार्यालय पर आने को मजबूर होना पड़ता है। महिलाओं ने पहले एक्सईएन के कार्यालय के बाहर धरना देकर नारेबाजी की और बाद में उनके आवास पर पहुंची। अंदर से कुंडी लगा लेने पर उन्होंने वहां भी विरोध प्रदर्शन किया।
बाद में एक्सईएन मलिक ने उन्हें जल्द ही उनकी समस्या का समाधान करवाने का आश्वासन देकर वापस भेज दिया। मलिक ने कहा है कि वे ग्रामीणों की समस्या को समझते हैं और उन्हें दुरुस्त करवाने का प्रयास कर रहे हैं।
...................