हांसी। हिसार रोड पर गीता चौक के पास मंगलवार शाम करीब चार बजे निजी स्कूल की एक बस से अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग की लपटों से घिर गई। बस शिक्षकों को हिसार छोड़ने जा रही थी। धुआं उठता देख चालक ने बस रोकी और शिक्षक तत्काल नीचे उतर गए। इसके चलते बड़ा हादसा टल गया। इसके बाद फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। आग बुझने तक बस पूरी तरह जल चुकी थी। बताया जा रहा है कि आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी।
जानकारी के अनुसार डाटा पब्लिक स्कूल की बस छुट्टी के बाद शिक्षकों को छोड़ने के लिए हिसार जा रही थी। बस जैसे ही गीता चौक के पास पहुंची तो धुआं निकलने लगा। यह देखकर चालक सहित सभी शिक्षक बस से बाहर आ गए। इंजन में लगी आग पूरी बस में फैल गई। शिक्षकों ने डायल 112 पर सूचना दी। कुछ ही देर में पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों ने आग पर काबू पाया। डीएसपी रविंद्र सांगवान व खंड शिक्षा अधिकारी जिले सिंह भी मौके पर पहुंचे। शिक्षक अभिषेक ने बताया कि बस में 13 शिक्षक सवार थे। जैसे ही धुआं उठा, चालक ने बस को साइड में लेकर रोक दिया और सभी बाहर निकल गए। इसके बाद बस आग के गोले में तब्दील हो गई।
-स्कूल बस में लगी आग पर काबू पा लिया था। घटना के समय बस में बच्चे नहीं थे। केवल शिक्षक ही सवार थे। शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका है। - रविंद्र सांगवान, डीएसपी