बास । धर्मखेड़ी गांव में खेत में पानी लगाने गए 25 वर्षीय साहिल उर्फ दीपक की हत्या के मामले में सीआईए-2 हांसी की टीम ने 24 घंटे के भीतर अंबाला से अजायब निवासी प्रिंस, जितेंद्र हुड्डा और आर्यन को गिरफ्तार कर लिया। दीपक की ओर से प्रिंस की बहन के बारे में कथित तौर पर अपशब्द कहे जाने को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी विवाद के कारण प्रिंस ने अपने साथियों के साथ मिलकर कस्सी और शराब की बोतल से वार कर साहिल की हत्या की।
हांसी के एसपी विनोद कुमार ने वीरवार को पत्रकार वार्ता कर मामले का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि मृतक साहिल उर्फ दीपक और आरोपी प्रिंस आपस में दोस्त थे। दीपक की ओर से प्रिंस की बहन के बारे में अपशब्द कहना वारदात की वजह बना। आरोपियों ने दीपक को शराब पिलाई और जब वह अधिक नशे के कारण बेसुध सा हो गया तो कस्सी और शराब की बोतल से ताबड़तोड़ वार कर मौत के घाट उतार दिया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में घटनास्थल पर धर्मखेड़ी के एक युवक सहित पांच लोग मौजूद थे। हालांकि उक्त युवक शराब पीने के बाद वहां से चला गया था। हत्या में उसकी सीधी भूमिका सामने नहीं आई है। हालांकि पुलिस जांच में जुटी है।
एसपी कुमार ने बताया कि पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपियों को शुक्रवार को अदालत में पेश कर रिमांड मांगेगी। रिमांड के दौरान वारदात में इस्तेमाल हथियार, घटनास्थल पर आरोपियों की मौजूदगी और हत्या से जुड़े अन्य तथ्यों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
खेत में बने कमरे की छत पर मिला था शव
धर्मखेड़ी निवासी होशियार सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका छोटा बेटा साहिल उर्फ दीपक खेती-बाड़ी करता था। 22 सितंबर की शाम वह खेत में पानी लगाने के लिए गया था लेकिन वापस नहीं लौटा। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने परिजनों को खेत में साहिल के साथ अनहोनी होने की सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे तो खेत में बने कमरे की छत पर साहिल का शव पड़ा था। हत्या की सूचना मिलते ही बास थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कस्सी और बीयर की टूटी बोतलें मिली थीं। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने अजायब निवासी प्रिंस और उसके दो साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी।
दीपक ने अपने मौसेरे भाई से कराई थी प्रिंस की बहन की शादी:
परिजनों के अनुसार, साहिल बॉक्सर बनना चाहता था। इसके लिए वह महम स्थित बॉक्सिंग अकादमी में 4 साल पहले अभ्यास करता था। यही पर उसकी मुलाकात प्रिंस के साथ हुई थी। दोनों के बीच करीब पांच साल से संपर्क था। दीपक ने प्रिंस की बहन की शादी अपने मौसेरे भाई से कराई थी।