हांसी। यातायात नियमों के उल्लंघन पर हांसी ट्रैफिक पुलिस ने मंगलवार को रामायण टोल प्लाजा और अन्य स्थानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए 8 वाहनों के 1.01 लाख रुपये के चालान काटे।
इस दौरान चार निजी बसों को प्रेशर हॉर्न, ओवरलोडिंग और छत पर सवारी बैठाने जैसे गंभीर नियम उल्लंघनों पर रोका गया। इस पर बस चालकों पर पुलिस कर्मचारियों से अभद्रता करने का आरोप है।
यातायात थाना प्रबंधक एसएचओ इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि नियमित चेकिंग के दौरान अलग-अलग स्थानों पर बिना कागजात व बिना नंबर प्लेट लगी दो बाइक का 47 हजार रुपये का चालान किया। राष्ट्रीय राजमार्ग 9 पर काली फिल्म लगाने व बिना पॉल्यूशन वाली कार का 20 हजार रुपये का चालान किया।
पिकअप गाड़ी पर लगी काली फिल्म का 10 हजार का चालान किया। रामायण टोल प्लाजा पर 4 बसों का प्रेशर हॉर्न व छत पर सवारियों को बैठाने पर 24 हजार रुपये का चालान किया।