हिसार। बीड़ बबरान धाम में 31 दिसंबर को आयोजित होने वाले श्याम संकीर्तन की तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। यहां 31 दिसंबर को रात्रि 8 बजे से रात्रि 12 बजे तक आओ बबरान नरेश के पास, करो नए साल की शुरुआत बबरान नरेश के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम के दौरान विभिन्न गायक श्याम बाबा की महिमा का गुणगान करते हुए नव वर्ष का खुशी-खुशी आगाज करेंगे।
बीड़ बबरान धाम के पुजारी विनय शर्मा ने बताया कि 31 दिसंबर के संकीर्तन के लिए बीड़ बबरान धाम को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। इस दिन श्याम बाबा के दरबार की आभा देखने लायक रहेगी। नववर्ष की पूर्व संध्या पर आयोजित होने वाले श्याम संकीर्तन में विभिन्न क्षेत्रों से सैकड़ों श्रद्धालु हिस्सा लेंगे। श्याम संकीर्तन में हिस्सा लेने वाले श्रद्धालुओं को बीड़ बबरान धाम में स्थापित श्याम बाबा के दरबार, वीर हनुमान के मंदिर व शिव परिवार के दर्शनों का भी मौका मिलेगा। इसके साथ ही अखंड जोत, धूणे, घोड़े के पांव के निशान वाली शिला, मढ़ी व महाभारतकालीन पीपल के भी भक्त दर्शन करेंगे।