हिसार। डीसी अनीश यादव ने कहा कि अगर किसी परीक्षा केंद्र पर नकल का मामला सामने आता है तो उसे भविष्य में कभी परीक्षा केंद्र न बनाने की रिपोर्ट बना कर भेजी जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों में लगे सीसीटीवी कैमरे सुचारू होने की रोजाना रिपोर्ट ली जाए। सभी परीक्षा केंद्र का रिव्यू किया जाए, अगर इनमें भी संवेदनशील व अतिसंवेदनशील परीक्षा केंद्र है तो उनके बारे में भी रिपोर्ट दी जाए।
उपायुक्त अनीश यादव, पुलिस अधीक्षक शशांक सावन, जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल ने बोर्ड परीक्षाओं को लेकर किए गए इंतजामों को लेकर बैठक की है। बैठक से पहले प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने भी वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये जुड़ते होते हुए विशेष दिशा निर्देश दिए। उपायुक्त अनीश यादव ने कहा जिला के सभी एसडीएम भी रूटीन में परीक्षा केंद्र की चेकिंग करेंगे। ग्रामीण एरिया के परीक्षा केंद्र के सरपंचों का इस दिशा में जागरूकता के लिए सहयोग लिया जाएगा। जिला शिक्षा अधिकारी प्रदीप नरवाल ने कहा कि जिले में कोथ कलां गांव और मोठ गांव संवेदनशील परीक्षा केंद्र है। पुलिस अधीक्षक शशांक सावन ने कहा कि केंद्रों पर गश्त के लिए पुलिस पीसीआर की ड्यूटियां लगा दी गई है।