हिसार। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने जिले के राजकीय स्कूलों की 10वीं-12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम की विस्तृत जानकारी मांगी है।स्कूलों को गूगल फार्म में खंड कार्यालयों को रिपोर्ट देनी होगी। इसमें स्कूल मुखिया को बताना होगा कि उनके स्कूल के कक्षा दसवीं और बारहवीं के कितने विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, कितने पास हुए, कितनों की कंपार्टमेंट और कितने विद्यार्थी फेल हुए हैं। शिक्षा विभाग की ओर से 35 प्रतिशत से कम परिणाम वाले स्कूलों को चिह्नित किया जाएगा। खराब परिणाम देने वाले राजकीय स्कूलों पर कार्रवाई करने की तैयारी शुरू हाे गई है।
10वीं का परीक्षा परिणाम 68.69 फीसदी रहा
जिले के परीक्षा परिणाम को लेकर अधिकारी संतुष्ट नहीं है। शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी रहने वाले हिसार जिले में पिछले साल के मुकाबले इस बार दसवीं का रिजल्ट करीब 20 प्रतिशत कम आया था। दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 68.69 प्रतिशत रिजल्ट आया। प्रदेश में हिसार जिले को 9वां स्थान मिला है। रेवाड़ी, चरखी दादरी, महेंद्रगढ़, पानीपत, जींद, यमुनानगर, फतेहाबाद, झज्जर जिले का परीक्षा परिणाम हिसार से बेहतर रहा। एक साल में रिजल्ट में 20 प्रतिशत की गिरावट अधिकारियों के लिए चिंता का विषय है।
सरकारी स्कूलों का दसवीं का रिजल्ट 58.50 प्रतिशत
जिले में कुल 790 राजकीय स्कूल हैं। इसमें सरकारी स्कूलों का दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम 58.50 प्रतिशत रहा। निजी स्कूलों का परीक्षा परिणाम 80.16 प्रतिशत रहा। निजी स्कूलों की तुलना में सरकारी स्कूलों का रिजल्ट 22 प्रतिशत कम रहा। राजकीय व निजी स्कूलों का रिजल्ट मिलाकर जिले का औसत रिजल्ट 68 प्रतिशत रहा था।
12वीं कक्षा का ओवरऑल रिजल्ट 86.07 प्रतिशत रहा
12वीं कक्षा के रिजल्ट में हिसार 5वें स्थान पर आया। रेवाड़ी, रोहतक, जींद, फतेहाबाद का परीक्षा परिणाम हिसार जिले से बेस्ट रहा। हिसार जिले का ओवरऑल रिजल्ट 86.07 प्रतिशत रहा। यह रिजल्ट पिछले साल के मुकाबले एक प्रतिशत कम है। वर्ष 2022 का रिजल्ट 87 .82 प्रतिशत रहा था। पिछले वर्ष खराब रिजल्ट वाले स्कूलों की सूची तैयार की गई थी। सूची में शामिल स्कूलों के प्राचार्याें को करनाल में प्रदेश स्तरीय बैठक में रिजल्ट सुधारने के निर्देश दिए गए थे। राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों के प्राचार्याें की बैठक शुक्रवार को सीएम के अतिरिक्त प्रधान सचिव राजेश खुल्लर लेंगे। इसमें हिसार के 5 मॉडल संस्कृति स्कूलाें के प्राचार्य शामिल होंगे।
12वीं कक्षा का आंकड़ा
कुल विद्यार्थी 18782
पास विद्यार्थी : 16165
फेल विद्यार्थी : 2617
पास फीसदी : 86.07
-
दसवीं कक्षा का आंकड़ा
कुल विद्यार्थी :21810
पास विद्यार्थी : 15024
री अपीयर विद्यार्थी :2622
फेल विद्यार्थी : 4164
पास प्रतिशत : 68.69
खंड कार्यालयों के माध्यम से सभी राजकीय स्कूलों के परीक्षा परिणाम की रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट आने के बाद समीक्षा की जाएगी कि कौन से स्कूल का परिणाम खराब रहा है। खराब रिजल्ट वाले स्कूलों के परिणाम की समीक्षा की जाएगी। जिन स्कूलों का पिछले साल के बाद इस बार भी रिजल्ट खराब आएगा उनके लिए विशेष कार्य योजना बनाई जाएगी। - कुलदीप सिहाग, जिला शिक्षा अधिकारी, हिसार
मॉडल संस्कृति स्कूल पिछड़े
पहली बार सीबीएसई में शामिल किए गए मॉडल संस्कृति स्कूलों का रिजल्ट भी कुछ खास नहीं रहा। राज्यमंत्री अनूप धानक के क्षेत्र उकलाना के माॅडल संस्कृति स्कूल व बरवाला के मॉडल संस्कृति स्कूल का परिणाम जिले में सबसे खराब रहा। सीबीएसई का परीक्षा परिणाम 97 प्रतिशत था। इन स्कूलों का रिजल्ट 54 से 68 प्रतिशत तक रहा।