हिसार। लघुसचिवालय के सभागार में शनिवार को जनपरिवाद की बैठक हुई। बैठक में मारवल सिटी के कॉलोनाइजर पर फटकार लगाते हुए बिजली मंत्री चौधरी रणजीत सिंह ने कहा कि अगर एक महीने के भीतर मारवल सिटी में रहने वाले लोगों की जनसमस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो तुम्हारा लाइसेंस रद्द कर देंगे और जमा किए गए रुपयों की रिकवरी भी करेंगे। बैठक में अपना पक्ष रखने आए मारवल सिटी के प्रतिनिधि पर लताड़ लगाते हुए बिजली मंत्री ने कहा कि तुमने प्लॉट तो धड़ाधड़ बेच दिए। बिजली कनेक्शन, सीवरलाइन, पेयजल लाइन सहित अन्य सुविधाओं के लिए तुमने विभागों में रुपये जमा नहीं करवाए, उपर से लोगों को परेशान करके रखा है। जब मारवल सिटी का प्रतिनिधि अपनी बात कहने लगा तो बिजली मंत्री ने कहा कि तुमसे से अब अगली बैठक में ही बातचीत करेंगे। बिजली मंत्री ने बिजली निगम के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि मारवल सिटी में 10 दिन के अंदर सभी घरों में मल्टीपल बिजली कनेक्शन हो जाने चाहिए। जनस्वास्थ्य विभाग को भी आदेश दिए हैं कि 15 दिन के अंदर पेयजल समस्या का समाधान हो जाना चाहिए।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसई ने बैठक में कहा कि मारवल सिटी में पेयजल समस्या को दुरुस्त करने के लिए करीब 5 करोड़ 30 लाख का एस्टीमेट तैयार कर रखा है। रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन ने मारवल सिटी में बिजली, पानी, सीवर सहित अन्य समस्याओं का मुद्दा काफी लंबे समय से उठाया जा रहा था। बिजली मंत्री ने गांव किरोड़ी निवासी भतेरी पत्नी सतपाल की शिकायत को सुनते हुए पुलिस विभाग के अधिकारियों को लंबित लाई डिटेक्टर टेस्ट रिपोर्ट आगामी बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने शिकायतकर्ता भतेरी को आर्थिक सहायता के तौर पर अपनी ओर से 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की।
ये रहे मौजूद
बैठक में शहरी स्थानीय एवं निकाय मंत्री डॉ. कमल गुप्ता, मेयर गौतम सरदाना, बरवाला विधायक जोगीराम सिहाग, हांसी विधायक विनोद भयाना, उपायुक्त डॉ. प्रियंका सोनी, एसपी लोकेंद्र सिंह, नगराधीश विजया मलिक, पूर्व मंत्री प्रो. छत्तरपाल सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
जिला खेल अधिकारी नहीं आए बैठक में, कोच बोले मेरी तो ड्यूटी लगाई थी
जनपरिवाद की बैठक में शिकायतकर्ता संदीप लोहान, प्रवीन राणा व रविंद्र राठी ने बिजली मंत्री को आजाद नगर निवासी तीरंदाजी कोच की शिकायत की। लोगों ने कहा कोच नकली खेल किट महंगे दाम पर बेचता है। मंत्री ने जिला खेल अधिकारी का पक्ष जानना चाहा तो पाया कि पता लगा कि डीएसओ बैठक में ही नहीं आए। बिजली मंत्री ने जिला प्रशासन को आदेश दिए कि डीएसओ बैठक में क्यों नहीं आया इसका डीएसओ से स्पष्टीकरण मांगा जाए। खेल विभाग की ओर मीटिंग में आए वेट लिफ्टिंग के कोच ने कहा कि नकली खेल सामान महंगे दामों पर बेचने वाला खेल विभाग का कोच नहीं है, वह प्राइवेट कोच है। मंत्री ने पुलिस को आदेश दिए की इस बारे में जांच करें व दोषी के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई करें।
बिजली मंत्री ने ये दिए आदेश
बिजली मंत्री ने राममेहर निवासी सुलतानपुर की शिकायत पर संबंधित किसानों को जांच करने के उपरांत मुआवजा देने के निर्देश दिए हैं। बबली निवासी मिलगेट को राष्ट्रीय परिवार लाभ योजना का लाभ प्रदान करने और अंग्रेजों निवासी किनाला को पेंशन योजना का लाभ मुहैया करवाने के निर्देश दिए हैं। प्रभुराम निवासी नारनौंद की शिकायत पर मंत्री ने नगर निगम के अधिकारियों को संबंधित व्यक्तियों के मलकियत संबंधी कागजत जमा करवाने के उपरांत आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
हामनै माहरा पानी पूरा चाहिए बस
-उमरा गांव निवासी राजकुमार, आजाद, दलीप ने कहा मंत्री जी हामे कै हरियाणे के कौनी, हामनै माहरा पानी पूरा चाहिए। बिजली मंत्री बोले ताऊ जी चिंता ना करो, थारा काम हो ज्यागा।
बिजली मंत्री ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को हांसी के विधायक विनोद भयाना से तालमेल करते हुए किसानों की लंबित समस्या का समाधान शीघ्र करने की हिदायत दी।
बरवाला के पूर्व पार्षद ने किया भ्रष्टाचार का खुलासा
बिजली मंत्री ने बरवाला नगर पालिका से जुड़ी कई शिकायत में करोड़ों रुपये की राशि नियमों के विपरीत ट्रांसफर करने के मामले में दोषी अधिकारी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने तथा रिकवरी की कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। इस मामले शिकायत कर्ता पूर्व पार्षद जगदीश गुलाटी ने बताया कि यह अधिकारी पहले से ही चार्जशीट व निलंबित हो चुके हैं। बिजली मंत्री ने इस मामले की गहराई से जांच करने के आदेश दिए हैं।
जाट कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर भी पहुंचे बैठक में
जाट कॉलेज के एक्सटेंशन लेक्चरर प्रतिनिधिमंडल ने भी बिजली मंत्री से मुलाकात कर ज्वाइनिंग की मांग रखी। अपनी समस्या से उन्हें अवगत करवाया। मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को उपायुक्त से मिलकर समस्या का समाधान करवाने की हिदायत दी।