धांसू में 33 केवी पावर हाउस के शुभारंभ पर संजीव गंगवा।
घिराय। गांव धांसू में गुरुवार को 6 करोड़ 30 लाख रुपये की लागत से निर्मित 33 केवी पावर हाउस का शुभारंभ किया गया। कैबिनेट मंत्री रणबीर गंगवा के पुत्र संजीव गंगवा ने पावर हाउस का उद्घाटन किया। इसके शुरू होने से धांसू सहित मिर्जापुर, रायपुर, शिकारपुर, रायपुर ढाणी, खोखा और नियाणा गांवों को बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ मिलेगा।
संजीव गंगवा ने गांव धांसू और नियाणा का दौरा कर विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान खेत-खलिहान योजना के तहत खेतों के रास्तों को इंटरलॉकिंग ब्लॉक से पक्का करने के कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
उन्होंने बताया कि पावर हाउस के शुरू होने से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था मजबूत होगी। साथ ही मौजूदा पावर हाउसों पर लोड कम होगा, जिससे बार-बार होने वाली बिजली संबंधी समस्याओं से ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है।
संजीव गंगवा ने धांसू में पौधारोपण कार्यक्रम में भी भाग लिया। इसके अलावा पब्लिक हेल्थ विभाग की ओर से स्थापित वॉटर ट्रीटमेंट प्लांट (डब्ल्यूटीपी) का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
पावर हाउस शुभारंभ कार्यक्रम में बिजली विभाग के एक्सईएन विनीत पातड़, एसडीओ प्रदीप सोनी, जेई देशराज और फोरमैन देवेंद्र शर्मा मौजूद रहे। वहीं सरपंच प्रतिनिधि सुरजीत सिंह वर्मा, मानवाधिकार संरक्षण संस्थान ऑर्गेनाइजेशन के जिला सचिव (समाज कल्याण) सुरेंद्र ढाका सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।
धांसू में 33 केवी पावर हाउस के शुभारंभ पर संजीव गंगवा।