हिसार। मानसून में हुई भारी बारिश और जलभराव से क्षतिग्रस्त हुई सड़कों पर अब मरम्मत की मरहम लगाई जाएगी। पीडब्ल्यूडी बीएंडआर ने जिलेभर में खराब हुई सड़कों की विशेष मरम्मत कराने का फैसला किया है। इसके लिए विभाग ने सभी प्रस्ताव तैयार कर मुख्यालय भेज दिए हैं। मंजूरी मिलते ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
इस बार जिले में सामान्य से अधिक बारिश हुई, जिसकी वजह से कई इलाकों में लगातार जलभराव रहा। कई सड़कें कई दिनों तक पानी में डूबी रहीं और जलनिकासी न होने से कई मार्ग बुरी तरह टूट गए। अब विभाग ऐसी सड़कों की पहचान कर उनकी मरम्मत की तैयारी में जुट गया है।
9 सड़कों के तैयार हुए एस्टीमेट
अधिकारियों ने 9 सड़कों के एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय को भेजे हैं। इनमें 3 मुख्य सड़कें और 6 सामान्य जिला सड़कें शामिल हैं। नलवा, आदमपुर और बरवाला हलकों की इन सड़कों की विशेष मरम्मत पर लगभग 23.38 करोड़ रुपये खर्च आने का अनुमान है।
इन सड़कों की करवाई जाएगी विशेष मरम्मत
सड़क – लंबाई – एस्टीमेट
हिसार से खानक – 800 मीटर – 1.15 करोड़ रुपये
हिसार से बालसमंद – 1.5 किमी – 12.50 करोड़ रुपये
हिसार से घुड़साल – 1.250 किमी – 1.18 करोड़ रुपये
हिसार से स्याहड़वा वाया मंगाली – 3.310 किमी – 3.21 करोड़ रुपये
लाडवा से दाहिमा – 1.2 किमी – 1.02 करोड़ रुपये
लाडवा से सुलतानपुर – 700 मीटर – 87 लाख रुपये
मंगाली से गांधी नगर – 300 मीटर – 19 लाख रुपये
स्याहड़वा से गारनपुरा – 280 मीटर – 18 लाख रुपये
कैमरी से पातन – 3.720 किमी – 3.06 करोड़ रुपये
नगर निगम सार्वजनिक शौचालयों पर लगवाएगा सोलर सिस्टम
उधर, नगर निगम ने शहर के सार्वजनिक शौचालयों पर सौर ऊर्जा आधारित सिस्टम लगाने की तैयारी कर ली है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। सोलर सिस्टम लगने के बाद शौचालयों में उपयोग होने वाले बिजली उपकरण सौर ऊर्जा से चलेंगे। फिलहाल सभी शौचालय बिजली कनेक्शन से संचालित होते हैं। इस योजना पर लगभग 16.69 लाख रुपये खर्च होने का अनुमान है। इसके साथ ही निगम रेलवे स्टेशन के पास बने पुराने शौचालय की मरम्मत भी करवाएगा। वर्तमान में इसकी हालत काफी खराब है और लोग इसका उपयोग करने से कतराते हैं। निगम ने इसके लिए भी टेंडर जारी कर दिया है।
-
बारिश में कुछ सड़कों को ज्यादा नुकसान पहुंचा था। उन सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए एस्टीमेट बनाकर मुख्यालय भेज दिए हैं। जैसे ही इनकी मंजूरी मिल जाएगी, वैसे ही टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- जतिन खुराना, एक्सईएन, पीडब्ल्यूडी बीएंडआर।