हिसार। सूर्य नगर की गली नंबर-23 में एक मकान के नीचे बिछी पेयजल पाइप लाइन लीकेज हो गई। इस कारण एक कमरे में गहरा गड्ढा हो गया और पानी भर गया। इसकी सूचना जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी गई। मौके का मुआयना करने एसडीओ कंवरपाल और जेई राहुल पहुंचे। वार्ड नंबर-10 से पार्षद प्रतिनिधि राजकुमार ने बताया कि गली नंबर-23 के पीछे बूस्टिंग स्टेशन बना हुआ है। इससे सूर्य नगर में पानी की सप्लाई होती है। मगर लाइन लीकेज होने के कारण दो दिन से पेयजल सप्लाई बाधित हो रही है। वहीं, बुधवार को भी सूर्य नगर में सप्लाई नहीं आएगी। अब जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से कमरे को तुड़वाया जाएगा और लीकेज को ठीक किया जाएगा। मकान में रह रहे विक्की ने बताया कि उन्होंने करीब तीन साल पहले मकान बनाया था। इसमें दो कमरे बनाए। मगर सोमवार को अचानक कमरे में पानी भर गया और गहरा गड्ढा हो गया। उसके बाद कमरे को खाली किया गया। बता दें, कि मकान के नीचे पेयजल सप्लाई की 4 और 14 इंची की पाइप लाइन बिछी हुई है।
मकान के नीचे बिछी दोनों लाइन काफी पुरानी हैं। 14 इंची की पाइप लाइन लीकेज हो गई थी। मैंने निरीक्षण किया। मंगलवार को कमरे को तुड़वाया जाएगा और लाइन ठीक करवाई जाएगी। इस कारण आज भी सूर्य नगर में पानी की सप्लाई नहीं हो पाएगी।
- कंवरपाल, एसडीओ, जनस्वास्थ्य विभाग