हिसार। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से बुधवार को महाबीर स्टेडियम में हिसार प्रथम की वार्षिक ग्रामीण महिला खेलकूद प्रतियोगिता करवाई गई। इसमें 400 से ज्यादा महिलाओं ने दमखम दिखाया। साइकिल रेस में पूनम प्रथम रही। खेलों की अध्यक्षता हिसार-1 की महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला शर्मा ने की।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में 30 से कम और 30 से ज्यादा उम्र की महिलाओं ने भाग लिया। इस दौरान म्यूजिकल चेयर, 100 मीटर रेस, 300 मीटर, 400 मीटर, पांच किलोमीटर साइकिल रेस और डिस्क्श थ्रो करवाया गया। उन्होंने बताया कि इससे पहले नींबू चम्मच और मटका रेस करवाई जाती थी। मगर इस बार म्यूजिकल चेयर और चक्काफेंक को शामिल किया गया है।
30 वर्ष से ऊपर में 100 मीटर रेस में मंगाली सुरतिया से मुनेश प्रथम, मुकेश द्वितीय और गांधी नगर की माया ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। डिस्कश थ्रो में मीरकां की सुमन प्रथम, नियाणा की मुनीष द्वितीय और मनीषा तृतीय स्थान पर रहीं। वहीं, म्यूजिकल चेयर में नन्ही प्रथम, सुमित्रा द्वितीय और मीना तृतीय रहीं।
300 मीटर रेस में रायपुर की प्रीति प्रथम, रिंकी द्वितीय और स्याहड़वा से पूनम तृतीय रही। 400 मीटर रेस में बादशाहपुर की अनीता प्रथम, मंगाली मोहब्बत से आरती द्वितीय, नियाणा से अनु तृतीय रहीं।
5 किलोमीटर साइकिल रेस में डाया की पूनम ने पहला, हरिता की शिया ने दूसरा और डाया से ही अनीता ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर सुपरवाइजर नीलम, सत्या, सोनू, कविता, मनीषा, सहायक पंकज कुमारी, अनीता, नवीन, काजल आदि मौजूद रहीं।
महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी सुशीला शर्मा ने बताया कि प्रथम विजेता को 2100 रुपये, द्वितीय को 1100 और तृतीय स्थान पर रही महिला को 750 रुपये पुरस्कार के रूप में दिए जाएंगे। एक से दो दिन में महिलाओं के खाते में राशि पहुंच जाएगी।