ऑल सेक्टर आरडब्ल्यूए ने शहर में कार फ्री डे को लेकर रणनीति तय की है। शुक्रवार को आयोजित बैठक में आरडब्ल्यूए के प्रधानों के अलावा पुलिस अधिकारियों ने हिस्सा लिया। फैसला लिया गया कि पंचायत चुनाव समाप्त होते ही इस प्रोजेक्ट को सिरे चढ़ाया जाएगा।
शहर में कार फ्री डे घोषित करने के लिए लोगों में उत्साह बढ़ता जा रहा है। इस बारे में ऑल सेक्टर आरडब्ल्यूए के प्रधान यशवीर मलिक की अध्यक्षता में बैठक हुई।
इसमें सेक्टर 15 आरडब्ल्यूए प्रधान राममेहर मलिक, सेक्टर 9-11 प्रधान बीर सिंह बामल, सेक्टर 13 प्रधान सुभाष सैनी, सेक्टर 16-17 के सचिव भूप सिंह तथा ट्रैफिक पुलिस के एसएचओ जगदेव सिंह ने हिस्सा लिया।
ट्रैफिक इंचार्ज जगदेव सिंह ने कहा कि शहर में कार फ्री डे होने से हर किसी को फायदा होगा। प्रदूषण का स्तर कुछ कम होगा। लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आएगी। शहर की सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम रहेगा।
सेक्टर के पदाधिकारियों ने कहा कि यह मुहिम पूरी ताकत के साथ सिरे चढ़ाई जाएगी। इसके लिए हर एक सेक्टर लेवल पर मीटिंग होगी। इसके बाद पूरे शहर स्तर की मीटिंग कर इसे शुरू किया जाएगा।
वॉलेंटियर भी लेंगे फीडबैक
ट्रैफिक पुलिस फव्वारा चौक व अन्य चौक पर वॉलेंटियर के जरिए कार चालकों को कार फ्री डे के बारे में जागरूक करेगी। कार चालकों से इस बारे में उनका फीडबैक भी लिया जाएगा। एक सप्ताह तक इस तरह से फीडबैक एकत्र किया जाएगा।
अगर ऐसा हुआ तो हर चीज का फायदा होगा। हम इसके लिए पूरी तरह से सहयोग करेंगे। युवाओं, बच्चों को अच्छा संदेश मिलेगा। डीजल-पेट्रोल बचेगा तो देश को विदेशी मुद्रा की बचत भी होगी। हमारी आरडब्ल्यूए पूरी तरह से सहयोग करेगी।
- अजय जिंदल, सेक्टर 14 आरडब्ल्यू, हिसार
बहुत अच्छा फैसला होगा। सुप्रीम कोर्ट ने भी इसे माना है। भले ही अपने शहर में प्रदूषण बहुत ज्यादा नहीं हो पर हमें अभी से जागरूक होना पड़ेगा। ऐसा होने से शहर की सड़कों पर भी वाहनों का बोझ कम होगा। हमारी आरडब्ल्यूए इसका हर स्तर पर समर्थन करेगी।
- रामराज मेहता, पीएलए ,आरडब्ल्यू, हिसार
मेला ग्राउंड सेक्टर की ओर से इस मुहिम को पूरा सहयोग किया जाएगा। कार फ्री डे होना चाहिए। ऑटो के लिए शहर में ऑड-इवन सिस्टम होना चाहिए। ऑटो के कारण ट्रैफिक की पूरी स्थिति बिगड़ रही है। इन्हीं के कारण हादसे बढ़ रहे हैं। जनता को राहत मिलेगी।
- विनोद तोशावड़, मेला ग्राउंड, आरडब्ल्यूए, हिसार