हिसार। सीलिंग प्लान के दौरान पुरानी सब्जी मंडी में एक पुलिसकर्मी ने बाइक सवारो को रोकने का इशारा किया। इस पर जब चालक बाइक रोकने के लिए साइड में करने लगा तो पुलिस कर्मी ने धक्का दे दिया, जिससे बाइक सवार दो छात्र घायल हो गए। सिर में गहरी चोट लगने पर एक छात्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में उपचाराधीन पॉलिटेक्निक के छात्र दीपक ने बताया कि वह किसी काम से दोस्त कपिल के साथ कोर्ट गए थे। लौटते समय पुरानी सब्जी मंडी के पास पुलिस नाका लगा हुआ था। आरोप है कि वहां खड़े पुलिस कर्मी ने बाइक रोकने का इशारा किया तो वह साइड में बाइक रोकने लगे। इसी दौरान पुलिस कर्मी ने पीछे से धक्का दे दिया। जिस कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और दीपक के सिर पर गहरी चोट आई, जबकि कपिल के पांव में चोट लगी है। पुलिस को मामले की सूचना दे दी गई है।