हिसार। हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग द्वारा कुछ दिन पूर्व आयोजित पीटीआई भर्ती परीक्षा नकल मामले में गिरफ्तार आरोपी खांडाखेड़ी निवासी कपिल को पुलिस ने बुधवार को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 5 दिन के रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी कपिल से कुछ खास नहीं उगलवा सकी। हालांकि पुलिस ने उससे उसका मोबाइल और लैपटॉप बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार उसके लैपटॉप और मोबाइल से चेन सिस्टम का पता लग सकता है। पुलिस ने मोबाइल की कॉल डिटेल निकलवाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। साथ ही पुलिस के आईटी विशेषज्ञ लैपटॉप से पीटीआई भर्ती परीक्षा से संबंधित डाटा खंगाल रहे हैं। यदि लैपटॉप में ऐसा कुछ डाटा मिलता है तो भर्ती परीक्षा में नकल कराने वाले गिरोह के अन्य सदस्यों के नामों का भी खुलासा हो सकता है। पुलिस का कहना है कि आरोपी रोहताश इस मामले में मुख्य आरोपी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। उल्लेखनीय है कि पुलिस इस मामले में पहले कपिल को ही मुख्य आरोपी बता रही थी।
सीसीटीवी खंगालने में लगी पुलिस
परीक्षा को हुए 10 दिन से ज्यादा का समय हो चुका है। पुलिस ने इस मामले में कई आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है, लेकिन पुलिस चेकिंग स्टाफ की लापरवाही के बारे में अभी कुछ भी नहीं कह पा रही। मामले में एसपी गंगाराम पूनिया का यही कहना है कि परीक्षा केंद्र में लगे सभी सीसीटीवी खंगाले जा रहे हैं।
राकेश और रोहताश की गिरफ्तारी के प्रयास
उल्लेखनीय है कि पुलिस ने बीते शुक्रवार को कपिल को गिरफ्तारी के बाद अदालत में पेश कर 5 दिन का रिमांड हासिल किया था। पुलिस इस मामले में रेलवे कर्मी राकेश की भी गिरफ्तारी के प्रयास में है। मामले में आरोपी नवीन के कहने पर ही राकेश ने कपिल से बात की थी। राकेश भी कपिल के साथ ही रेलवे में ग्रुप डी के पद पर कार्यरत हैं।
रोहताश की गिरफ्तारी के लिए दी जा रही दबिश : एसपी
आरोपी रोहताश ने अग्रिम जमानत के लिए अदालत में याचिका लगा रखी है। उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और कई टीमें उसके ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। रोहताश की गिरफ्तारी के बाद ही कुछ कहा जा सकेगा। इस मामले में परीक्षार्थियों से आरोपियों ने कितने रुपये लिए थे, इस बारे में भी रोहताश की गिरफ्तारी के बाद पता चल सकेगा।
गंगाराम पूनिया, एसपी, हिसार।