हिसार। जिले को नशा मुक्त बनाने के अभियान के तहत हिसार पुलिस की नशा मुक्ति टीम ने आदमपुर क्षेत्र के गांव खैरमपुर, सदलपुर की ढाणी छीपा और जंभ शक्ति चौक के समीप स्थित ढाणियों में जनजागरूकता अभियान चलाया। अभियान के दौरान तीन नए नशा पीड़ितों की पहचान की गई। पांच लोगों को नागरिक अस्पताल हिसार से आयुर्वेदिक दवाइयां उपलब्ध कराई गईं। छह नशा पीड़ितों के घर पहुंचकर दवाइयां दी गईं। 14 लोगों को उपचार, ब्लड टेस्ट और काउंसिलिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि अभियान के दौरान पुलिस टीम ने गांवों के सरपंचों, गणमान्य नागरिकों, नशा पीड़ितों और उनके परिजनों से संवाद किया। टीम ने बताया कि नशा व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक जीवन को प्रभावित करता है। नशा पीड़ितों को उपचार के लिए आगे लाना और नशा तस्करों की सूचना पुलिस को देना सभी नागरिकों की जिम्मेदारी है।