हिसार में नाकों का निरीक्षण करते एडीजीपी श्रीकांत जाधव।
हिसार। हिसार मंडल के नए एडीजीपी श्रीकांत जाधव के आने से जिले में पुलिस सतर्क हो गई है। सीलिंग प्लान के तहत जगह-जगह नाके लगाए गए हैं, एडीजीपी खुद नाकों का निरीक्षण करने फील्ड में उतर चुके हैं। इसके बावजूद बदमाश बेखौफ वारदात कर रहे हैं। शहर के डाबड़ा चौक पुल पर बुधवार रात करीब साढ़े आठ बजे कार सवार तीन-चार युवकों ने हांसी सीआईए-2 के चालक सतीश कुमार से मारपीट की। आरोप है कि हमलावर सोने की चेन व कार की चाबी छीनकर फरार हो गए। चालक की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
भिवानी जिले के गांव फरटिया भीमा निवासी सतीश कुमार ने बताया कि वे सीआईए-2 हांसी में बतौर ड्राइवर तैनात हैं। बुधवार रात करीब 8.30 बजे सरकारी काम से आईजी दफ्तर जा रहे थे। डाबड़ा चौक फ्लाईओवर पर अनजान व्यक्ति ने अपनी कार से ओवरटेक कर गाड़ी रुकवा ली। कार से तीन-चार युवक उतरे। एक युवक ने कार का शीशा खुलते ही थप्पड़ मारकर गाड़ी की चाबी और दूसरे ने गले से ढाई तोले की सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। ब्यूरो