हिसार। खरड़ अलीपुर में एक दिसंबर को शराब ठेकेदार विकास की गोली मार की हत्या करने और 27 दिसंबर को उनके घर पर फायरिंग करने के आरोपियों की गिरफ्तार की मांग को लेकर मंगलवार को ग्रामीण पुलिस अधीक्षक से मिले। ग्रामीणों ने पुलिस अधीक्षक के सामने तीन मांगें रखीं। साथ ही पुलिस प्रशासन को तीन दिन का समय दिया है। तीन दिन में आरोपी नहीं पकड़े गए तो परिजन आमरण अनशन शुरू करेंगे।
पुलिस अधीक्षक से मिलने आए खरड़ अलीपुर के जितेंद्र ने बताया कि चचेरा भाई विकास शराब ठेकेदार था। एक दिसंबर रात करीब 8:30 बजे बदमाशों ने शराब ठेकेदार विकास उर्फ केसी की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिसमें विकास के चचेरे भाई अजय उर्फ हनुमान, सोनू उर्फ मोलड़ घायल हो गए थे। मृतक विकास दो बहनों का इकलौता भाई था पिता की कुछ महीने पहले ही मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि 27 दिसंबर को फिर से आरोपियों ने घर पर फायरिंग की। उन्होंने बताया की उनकी तीन मांगें हैं। गांव में पुलिस चौकी तैनात की जाए, परिवार को शस्त्र लाइसेंस बनाया जाए और आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए।